खतौली। चीनी मिल क्लब हॉल में चीनी मिल में कार्यरत ट्रांसपोर्टर्स की बैठक आयोजित की गई। इसमें शाम चार बजे से सात बजे तक जानसठ रोड, मवाना रोड, बुढ़ाना रोड तथा मीरापुर रोड पर गन्ने से भरे ट्रक व ट्रॉला को प्रतिबंधित किया गया है।
बैठक में सीओ राम आशीष यादव, प्रभारी निरीक्षक दिनेश बघेल, नायब तहसीलदार राजीव त्यागी, मिल के गन्ना महाप्रबंधक कुलदीप राठी, अतिरिक्त महाप्रबंधक मानव संसाधन डीपी सिंह, उप महाप्रबंधक सुरक्षा एवं प्रशासन सुशांत ठाकुर, मिल के गन्ना विभाग के अधिकारी और बाह्य गन्ना क्रय केंद्रों से गन्ना ढुलाई करने वाले सभी ट्रांसपोर्टर व राखी तथा मैली उठाने वाले सभी ट्रांसपोर्टर उपस्थित रहे।
सीओ ने निर्देश दिए कि सभी गन्ने से भरे ट्रक और ट्रॉला में रिफ्लेक्टर युक्त लाल रंग का कपड़ा लगा होना चाहिए, जिससे रात के समय पीछे से आने वाले वाहन को यह पता चल सके कि आगे कोई बड़ा वाहन है और रास्ते में होने वाली दुर्घटना को रोका जा सके। गन्ने की ओवर लोडिंग नहीं होनी चाहिए, किसी ट्रक या ट्रॉला का चालक शराब पीकर गाड़ी ना चलाएं। शाम को चार बजे से लेकर सात बजे तक जानसठ रोड, मीरापुर रोड और मवाना रोड पर गन्ने से भरे ट्रक नहीं आएंगे। इसी प्रकार बुढ़ाना रोड पर शाम पांच से सात बजे तक गन्ने से भरे वाहन नही आएंगे। राखी और मैली लोड करने वाले ट्रांसपोर्टर को भी बताया गया कि वह ओवरलोडिंग ना करें और रास्ते में राखी या मैली नहीं गिरनी चाहिए। मिल के गन्ना महाप्रबंधक कुलदीप राठी ने कहा कि सभी ट्रांसपोर्टर निर्देश का पालन करें, ऐसा न होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।