नगर में हुई बारिश में छाता लेकर शिव चौक से गुजरती राहगीर।
- देर रात तक लगातार होती रही बूंदा-बांदी
- दिन में तेज धूप, शाम को छाए काले बादल
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। मौसम के बदले मिजाज ने लोगों को मुश्किल में डाल दिया। देर शाम तेज आंधी के साथ बारिश और जिले के कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि हुई। आवागमन बाधित हो गया। जिले में बिजली आपूर्ति ठप रहने से अंधेरा छा गया। कई घंटे इंटरनेट सेवा भी बाधित रही। लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। गेहूं की थ्रेसिंग में जुटे किसानों को मुश्किलें हुई।
शाम के समय अचानक आकाश में बादल छाए गए। तेज हवा के बाद आई आंधी से शहर में अंधेरा छा गया। देर रात तक बारिश हुई। शाम छह बजे ही आसमान में अंधेरा छा गया। आंधी के चलते शाम के समय बिजली विभाग ने भी बिजली की सप्लाई बंद कर दी। तेज हवा तक लगभग एक घंटा शहर में पूरी तरह अंधेरा छाया रहा। तितावी, बघरा और मांडी क्षेत्र में ओलावृष्टि हुई। अधीक्षण अभियंता एसके अग्रवाल ने बताया कि आंधी के कारण बिजली सप्लाई रोकी गई थी। तेज हवा रुकने के बाद अधिकतर जगह आपूर्ति शुरू कर दी गई है। जिन क्षेत्र में फॉल्ट की शिकायत मिली है, उन्हें ठीक कराया जा रहा है। उधर, बारिश के कारण इंटरनेट सेेवाएं भी बाधित हो गई।
सड़कों पर थम गए वाहनों के पहिए
तेज आंधी के कारण सड़कों पर वाहनों के पहिए थम गए। दिल्ली-दून हाईवे, पानीपत-खटीमा हाईवे, मेरठ-करनाल हाईवे और बड़ौत मार्ग पर दुपहिया वाहन चालकों के अलावा चार पहिया वाहनों के भी पहिए थमे रहे। वहीं बारिश के कारण किसानों को गेहूं की थ्रेसिंग रोकनी पड़ी। कटी हुई फसल के भीग जाने के कारण शुक्रवार को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा।