बुढ़ाना। कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर मंगलवार को मानसिक स्वास्थ्य कैंप एवं चश्मा वितरण समारोह का आयोजन हुआ। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अरविन्द पंवार ने कहा कि अच्छे स्वास्थ्य के लिए पौष्टिक भोजन जरूरी है। उन्होंने युवाओं को जंक फूड से परहेज करने के लिए प्रेरित किया। मौसम के फल व सब्जियों का अधिक प्रयोग करें। भोजन के साथ मूली, गाजर, टमाटर व खीरा का सलाद में प्रयोग करे।
सीएचसी प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. विक्रांत के नेतृत्व में आयोजित कैंप में 750 रोगियों की स्वास्थ्य की जांच की गई। जिनमें 135 मानसिक रोगी पाए गए। कैंप में ब्लड शुगर व ब्लड प्रेशर के 350 मरीज पाए गए। मानसिक रोग विशेषज्ञ डॉ. कपिल व डॉ. मनोज, डॉ. विपुल शर्मा, लवीश कुमार ने मरीजों की जांच की। इस मौके पर आंख के रोगी पाए जाने वाले 77 विद्यार्थियों को आंखों का चश्मा वितरित किया गया। जिला पंचायत सदस्य ठा. रामनाथ सिंह ने कैंप में सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि राजेश संगल व अभिषेक सहित दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।