छपार। बढ़ीवाला गांव निवासी युवक ने शनिवार को अपनी पत्नी की डंडे से पीटकर हत्या कर दी थी। मृतका के भाई ने पति सहित पांच आरोपियों के विरुद्ध थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने हत्या का कारण दंपती के बीच संबंध ठीक नहीं होना बताया है। आरोपी युवक अपनी पत्नी पर शक करता था।
गांव बढ़ीवाला निवासी मुर्सलीन का पत्नी रुखसार के साथ लम्बे समय से झगड़ा चल रहा था। वह बच्चों सहित अपनी ससुराल सरधना जनपद मेरठ में ही रहकर मजदूरी करता था। वह शनिवार को बच्चे की टीसी लेने के लिए पत्नी व बच्चों सहित अपने गांव आया था। किसी बात पर दोनों में झगड़ा हो गया। मुर्सलीन ने घर पर रुखसार की डंडे से पिटाई कर दी, जिससे वह घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। बाद में उसे मेरठ ले जाया गया था, जहां उसकी मौत हो गई थी।
मृतका के भाई उस्मान ने तहरीर में बताया कि उसकी बहन की हत्या उसके बहनोई, उसके दो भाई निजामु व मौसम तथा रिश्तेदार मेरठ के सरधना निवासी इमराना पत्नी साद मोहम्मद तथा जिला बिजनौर के कस्बा बढ़ापुर निवासी किन्नर शबनम ने मिलकर की है।
सीओ सदर राजू साव ने बताया कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से संबंध ठीक नहीं थे। आरोपी पत्नी पर शक करता था। इसलिए उसने पत्नी की हत्या कर दी। पांचाों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सभी आरोपी जल्द ही गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।