मुजफ्फरनगर। निर्धारित उम्र निकल जाने के बावजूद फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर पुलिस परीक्षा में शामिल होने पहुंचे दो अभ्यर्थी जांच में पकड़े गए। गांधी पॉलीटेक्निक में जांच के दौरान दोनों पर संदेह हुआ, जिसके बाद आधार कार्ड की जांच में दोनों फंसे। पुलिस ने दोनों का चालान कर दिया।
आरक्षी नागरिक पुलिस की लिखित परीक्षा की दूसरी पाली की चेकिंग के दौरान गांधी पॉलिटेक्निक कॉलेज से फर्जी अभिलेखों के आधार पर परीक्षा देने आए मेरठ के इकबारा गांव के जितेंद्र कुमार और बुलंदशहर के असरौली निवासी हरिओम को पुलिस ने पकड़ लिया। दोनों के खिलाफ केंद्र व्यवस्थापक की ओर से बीएनएस की धाराओं में नई मंडी थाने पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।