आधार कार्ड बनवाने के लिए मची आपाधापी
मोरना। मोरना पीएनबी शाखा पर आधार कार्ड बनवाने के लिए ग्रामीणों की लंबी लाइन लगी रही। आधार कार्ड बनवाने के लिए लोगों के बीच काफी आपाधापी मची रही। भारी भीड़ की नियंत्रित करने के लिए ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी झड़प भी हुई।
चौधरी चरणसिंह चौक मोरना के निकट रजबहे पर पीएनबी शाखा पर मंगलवार की सुबह से ही आधार कार्ड बनवाने के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ हो जाने से अफरातफरी का माहौल बना रहा। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिसकर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। ग्रामीण सोहनबीर, राजपाल, मोहित, सोमवीर, रामबीर, कृपाल, विजय कुमार, नीरज, रामलाल, शब्बू, विकास, सुमन, मीना, दीपा, शबीना, फरजाना, विनिता, बबली, अंजू, आदि ने बताया कि हमारे आधार कार्ड अभी तक नहीं बन सकें हैं। बैंक प्रबंधक उत्तम कुमार ने बताया कि बैंक की ओर से आधार कार्ड बनाए जाने की प्रक्रिया को करीब 10 दिन पूर्व से आरंभ किया जा चुका है, जिसमें प्रतिदिन 30-35 आधार कार्ड बनाए जाते हैं। मंगलवार को आई भारी भीड़ ने बैंक के कामकाज को बड़े पैमाने पर प्रभावित किया है। ग्राहकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए जिले के बैंक अधिकारियों से मोरना ब्लाक परिसर में पीएनबी कार्यशाला में आधार कार्ड बनाए जाने की प्रक्रिया की मांग की गई है। केंद्र सरकार की ओर से अशुजा कंपनी दिल्ली को आधार कार्ड बनाए जाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।