मुजफ्फरनगर। सीमएओ डॉ महावीर सिंह फौजदार ने बताया कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए जनपद में शुक्रवार को खुशहाल परिवार दिवस मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश तकनीकी सहयोग इकाई (टीएसयू) परिवार नियोजन के लिए काउंसलिंग करेगी।
उन्होंने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य हाई रिस्क प्रेगनेंसी, एक वर्ष के दौरान शादी करने वाले दंपति और तीन या उससे अधिक बच्चों वाले दंपति को परिवार नियोजन के बारे में जानकारी देना और उनकी इच्छा के मुताबिक उन्हें जरूरी साधन उपलब्ध कराना है। एसीएमओ एवं परिवार नियोजन कार्यक्रम की नोडल अधिकारी डॉ दिव्या वर्मा ने बताया परिवार नियोजन संबंधी जागरूकता लाने और आयोजन में दंपति की भागीदारी बढ़ाने के लिए विभाग ने जिले की सभी स्वास्थ्य इकाइयों पर सभी तैयारियां की जा चुकी हैं। खुशहाल परिवार दिवस पर शामिल होने के लिए तीन समूहों को प्रोत्साहित किया जाता है। पहले समूह में हाई रिस्क प्रेगनेंसी (एचआरपी) यानि उच्च जोखिम गर्भावस्था वाली महिलाएं, दूसरे समूह में नव विवाहित दंपति और तीसरे समूह में तीन या उससे अधिक बच्चों वाले योग्य दंपति को शामिल किया गया है।
72 सब सेंटरों पर अंतरा और छाया की होगी शुरुआत
डॉ दिव्यांक दत्त ने बताया कि अब से पहले जनपद के सभी सब सेंटरों पर अंतरा और छाया की सुविधा उपलब्ध नहीं थी, लेकिन अब परिवार नियोजन को बढ़ावा देने के लिए 72 सब सेंटरों पर अंतरा और छाया की शुरुआत करने के निर्देश दिए गए हैं, जिसमें मखयाली से 18 सब सेंटर होंगे बाकी सब सेंटरों में पूरे जनपद के सेंटर शामिल होंगे।