मुजफ्फरनगर। जिले के परिषदीय विद्यालयों में 17 नवंबर से अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं शुरू होंगी। कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों की परीक्षाएं 21 नवंबर तक कराई जाएंगी। इसके लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 12:30 से 2:30 बजे तक निर्धारित की गई है।
समेकित शिक्षा के जिला समन्वयक सुशील कुमार ने बताया कि परीक्षा 50 अंकों की होगी। प्रश्नपत्र में बहुविकल्पीय, अति लघु उत्तरीय, लघु उत्तरीय और दीर्घ उत्तरीय प्रश्न शामिल होंगे। कक्षा एक के विद्यार्थियों का मूल्यांकन मौखिक रूप से कराया जाएगा। कक्षा दो और तीन में लिखित व मौखिक परीक्षा का 50-50 प्रतिशत अंकभार रहेगा।
कक्षा चार और पांच में लिखित परीक्षा का 70 और मौखिक परीक्षा का 30 प्रतिशत अंकभार निर्धारित है। कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों की परीक्षा पूरी तरह लिखित होगी। परीक्षा को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विद्यालय स्तर पर प्रधानाध्यापकों और विकासखंड स्तर पर खंड शिक्षा अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रश्नपत्रों के वितरण, परीक्षा की गोपनीयता और मूल्यांकन की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।