हादसे के बाद छपार थाने में खड़ी दुर्घटनाग्रस्त कार और बाइक।
- फोटो : अमर उजाला
छपार। नेशनल हाईवे पर भारत मेडिकल कॉलेज के पास कार की टक्कर से बाइक सवार पुरकाजी ब्लॉक के दो कर्मचारियों की मौत हो गई। सहारनपुर जिले के थाना रामपुर मनिहारन क्षेत्र के गांव अहमदपुर निवासी 28 वर्षीय अंकित शर्मा पुत्र नरेश कुमार तथा थाना पुरकाजी के गांव खाईखेडी निवासी 50 वर्षीय सुशील शर्मा पुत्र महावीर पुरकाजी ब्लाक में कृषि विभाग के गोदाम पर कार्यरत थे।
इन दिनों गोदाम पर दलहनी बीज और दवाई की बिक्री हो रही है। दोनों कर्मचारी शनिवार सुबह बाइक से ब्लाक का कैश जमा करने जिला मुख्यालय मुजफ्फरनगर जा रहे थे। जब वे नेशनल हाईवे पर बढेडी चौराहे से कुछ आगे भारत मेडिकल कालेज के पास पहुंचे तो पीछे से तेज गति से आई कार ने पहले आगे जा रही घोड़ा बुग्गी में टक्कर मारी और फिर बाइक को चपेट में ले लिया।
हादसे में अंकित की मौत हो गई। सुशील शर्मा और बुग्गी चालक सुभाष गंभीर घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने घायल सुशील और बुग्गी चालक गांव कुतुबपुर निवासी सुभाष को जिला चिकित्सालय ले जाकर भर्ती कराया। डॉक्टरों ने सुशील को हायर सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया। उधर, कार चालक को पुलिस ने पकड़कर थाने में बंद कर दिया। मृतकों के पास लगभग बीस हजार रुपये सरकारी कैश था। जो पुलिस ने ब्लाक से आए अन्य कर्मचारियों के सुपुर्द कर दिया।
परिजनों में अंकित के चाचा रुपचंद और सुशील के भाई रविकांत के अलावा सुभाष के पुत्र भानू ने कार चालक मोहल्ला प्रेमनगर देहरादून निवासी मुनीश गुलाटी के विरुद्ध थाने में तहरीर दी। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। बुग्गी चालक घायल सुभाष का अस्पताल में उपचार चल रहा है। वह मुजफ्फरनगर मंडी में गेहूं बेचने के लिए जा रहा था।