ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल लालूखेड़ी के वार्षिकोत्सव में पुस्तुति देते विद्यार्थी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर। ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल लालूखेड़ी के वार्षिक उत्सव में छात्र-छात्राओं ने भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति से जुड़ी प्रस्तुतियां दी। वक्ताओं ने कहा कि संस्कारित विद्यार्थी राष्ट्र की अमूल्य धरोहर है।
लालूखेड़ी स्थित ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल में वार्षिक उत्सव का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत छात्र-छात्राओं ने जन-मन-गण, पर्यावरण सुरक्षा, कन्या भ्रूण हत्या और देशभक्ति आदि की गीत नाटिकाएं प्रस्तुत की। पपेट शो आकर्षक रहा तथा बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का संदेश दिया गया। अतिथि भाकियू नेता गौरव टिकैत ने कहा कि शिक्षा के साथ भावी पीढ़ी को सामाजिक दायित्वों का बोध कराना भी जरूरी है। विद्यार्थी सेना में जाकर देश सेवा करें। भोकरहेड़ी इंटर कालेज प्रधानाचार्य डॉ प्रवीण चौधरी ने कहा कि यह संस्था संस्कृति और आधुनिक शिक्षा का संगम है। वैदिक संस्कार चेतना अभियान संयोजक आचार्य गुरुदत्त आर्य ने कहा कि संस्कारित शिक्षा, नैतिक मूल्यों, आदर्शों से विद्यार्थी के व्यक्तित्व निर्माण होता है। विद्यालय प्रबंधक पीके निर्वाल ने कहा कि अभिभावकों के प्रोत्साहन और शिक्षकों के परिश्रम से विद्यार्थियों ने हर क्षेत्र में प्रतिभा दिखाई है। प्रधानाचार्य मेघराज सिंह ने संस्था की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा सभी का आभार जताया। इस दौरान मेधावी और प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।