गुड़ मंडी लूट: सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
मुजफ्फरनगर। गुड़ मंडी में कारोबारी के मुनीम से हुई चार लाख नगदी व स्कूटी लूट की घटना में पुलिस को कोई सुराग नहीं मिले हैं। पुलिस मामले में क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र स्थित गुड़ मंडी में सोमवार सुबह बाइक सवार तीन लुटेरों ने गुड़ कारोबारी संजय मिश्रा के मुनीम निशांत शर्मा को लात मारकर नीचे गिराने के बाद स्कूटी लूट ली थी। स्कूटी में चार लाख रुपये की नगदी थी, जो निशांत जानसठ रोड स्थित बैंक से निकालकर लाया था। घटना की जानकारी मिलने से व्यापारियों में रोष उत्पन्न हो गया था। एसएसपी अभिषेक यादव ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस को जल्द खुलासे के निर्देश दिए थे। जांच में लुटेरे बैंक से ही मुनीम का पीछा करते हुए पाए गए थे, जिनमें से एक लुटेरे को बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से चिह्नित भी किया गया था। हालांकि अब तक लुटेरों का सुराग नहीं मिल पाया है। नई मंडी थाना पुलिस अन्य लुटेरों की तलाश में क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि किसी तरह बाइक को चिह्नित किया जा सके। सीओ मंडी धनंजय सिंह कुशवाहा ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए चार टीमें लगाईं गईं हैं। बहुत जल्द वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा।