मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना कोतवाली पुलिस ने ईख के खेत में तमंचा बनाने वाले आरोपी मेरठ के थाना सरधना के गांव पिठलोकर निवासी साबिर को गिरफ्तार किया। वह पंचायत चुनाव में बेचने के लिए तमंचे बना रहा था। बने व अधबने तमंचे व उपकरण बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपी 2019 में बड़ौत पुलिस कस्टडी से भी भाग गया था।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने पुलिस लाइन सभागार में प्रेसवार्ता में बताया कि बुढ़ाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना आरोपी को क्राउन पब्लिक स्कूल से आगे मंदवाड़ा जाने वाले कच्चे रास्ते पर ईख के खेत से गिरफ्तार किया।
आरोपी व्यक्ति गन्ने के खेत में अस्थायी रूप से निवास बनाकर उसमें अपने साथी के साथ मिलकर तमंचे बनाता है। पंचायत चुनाव के परिदृश्य में वह लोगों के मांगने पर यह काम काम रहा है। पुलिस ने मौके से छह बंदूक, तीन पौनिया, तीन तमंचे व चौदह अधबने तमंचे व सामान तथा तमंचे बनाने के उपकरण बरामद किए।
उसने बताया कि उसका अंतर राज्य व अंतर जनपदीय गैंग है। जो बागपत, फरीदाबाद, सहारनपुर, अमरोहा, मुजफ्फरनगर, दिल्ली, उत्तराखंड व हरियाणा में तमंचे बेचता है। एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ दस मामले विभिन्न जनपदों के थानों में दर्ज है।
वह पांच बार तमंचा फैक्ट्री पकड़े जाने पर जेल जा चुका है। 2019 में बड़ौत में पुलिस कस्टडी से भागा था। इसके बाद पकड़ कर उसे जेल भेजा गया था।