मुजफ्फरनगर। कोलकाता के आरजीकर मेडिकल काॅलेज में ट्रेनी डाॅक्टर के साथ हुई घिनौनी और शर्मनाक घटना के बाद स्वामी कल्याणदेव जिला अस्पताल में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। गार्ड तैनात किए गए हैं। सीसीटीवी बढ़ा दिए गए हैं। वार्डों में मरीजों के तीमारदारों का प्रवेश बिना पास प्रतिबंधित कर दिया गया है। इमरजेंसी में आने वाले मरीजों को भर्ती किए जाने के समय ही तीमारदारों के गेट पास बनाए जा रहे हैं।
जिला पुरुष और महिला अस्पताल की सुरक्षा भी बढाई गई है। इस कड़ी में सबसे पहले वार्डों में पहुंचने वाले आगंतुकों की निगरानी बढ़ा दी गई है। जिला अस्पताल के वार्डो में अंजान लोगों का प्रवेश बंद कर दिया गया है। महिला, मेडिकल, सर्जिकल और अन्य वार्डों में केवल गेट पास दिखाकर ही तीमारदारों को प्रवेश दिया जा रहा है। जिला अस्पताल में सुरक्षा के लिए 20 गार्ड तैनात किए गए हैं।