मुजफ्फरनगर। शिव चौक के निकट भगत सिंह रोड पर बीड़ी की एक बड़ी फर्म पर जीएसटी की टीम ने छापा मारा। टीम ने दुकान और गोदाम का सारा माल कब्जे में लेकर जांच शुरू की है। जांच देर रात तक जारी थी।
जिले की बीड़ी की बड़ी फर्म की दुकान भगत सिंह रोड पर है। एसआईबी के ज्वाइंट कमिश्नर जय शुक्ला के नेतृत्व में जीएसटी की टीम ने दुकान का सारा रिकार्ड कब्जे में लेकर जांच शुरू की। इस दौरान एक टीम ने वहलना स्थित फर्म के गोदाम को भी कब्जे में ले लिया और जांच शुरू की। जीएसटी के असिस्टेंट कमिश्नर विवेक मिश्रा ने बताया कि जांच देर रात तक चलेगी। लाखों की जीएसटी चोरी सामने आई है। कितनी चोरी हुई है यह पूरी जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। गोदाम में माल अधिक है उसका मिलान किया जा रहा है। अधिकारियों की टीम इस कार्य में लगी है।