- सरकार ने अनुसूचित जाति के किसानों के लिए शुरू की योजना
- जिला उद्यान विभाग में योजना के लिए किया जा सकेगा आवेदन
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। अनुसूचित जाति के लघु और सीमांत किसानों को फलों, सब्जियों और पुष्पों की खेती के प्रति प्रोत्साहित करने को प्रदेश सरकार ने अनुदान की योजना चलाई है। एक हेक्टेयर पर 37 हजार 500 रुपये का अनुदान उद्यान विभाग देगा। किसान को लागत का 75 प्रतिशत अनुदान के रूप में दिया जाएगा।
जिला उद्यान अधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि कद्दू, लौकी, तुरई की खेती पर एक हेक्टेयर पर 37500 का अनुदान दिया जाएगा। जितनी कम जमीन में किसान खेती करेगा, उसी के हिसाब से उसे अनुदान दे दिया जाएगा। मिर्च, शिमला मिर्च की खेती पर भी किसानों को अनुदान दिया जाएगा। शिमला मिर्च पर 37500 प्रति हेक्टेयर और मिर्च पर 27 हजार प्रति हेक्टेयर अनुदान दिया जाएगा।
मधु मक्खी पालन करने वाले किसानों को 3600 रुपये बाक्स का अनुदान दिया जाएगा। इसका लक्ष्य पांच हेक्टेयर है। इसी के साथ गेंदे की खेती करने वाले किसानों को एक हेक्टेयर पर 36000 हजार का अनुदान दिया जाएगा। छह हेक्टेयर का लक्ष्य रखा गया है। गुलाब की खेती करने वाले किसानों को 90 हजार का अनुदान एक हेक्टेयर पर मिलेगा। जिले में दो हेक्टेयर का लक्ष्य है।
ये है योजना का लक्ष्य और अनुदान
सब्जी लक्ष्य अनुदान
कद्दू-लौकी 5.0 हेक्टेयर 37500 प्रति हेक्टेयर
टमाटर 5.0 हेक्टेयर 37500 प्रति हेक्टेयर
मिर्च 5.0 हेक्टेयर 27000 प्रति हेक्टेयर
शिमला मिर्च 2.0 हेक्टेयर 37500 प्रति हेक्टेयर
योजना का लाभ लेेने के लिए करें आवेदन
जिला उद्यान अधिकारी अरुण सिंह ने बताया कि अनुदान के लाभ के लिए अनुसूचित जाति के किसान उद्यान विभाग में आवेदन कर सकते हैं। किसानों को पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर योजना का लाभ दिया जाएगा। 15 जुलाई तक आवेदन कर सकते है।