चरथावल। कस्बे में लगी वीर शहीद मेजर आशाराम त्यागी की प्रतिमा पर असामाजिक तत्वों ने गोबर पोत कर माहौल खराब करने का प्रयास किया। मगर, शुक्रवार सुबह खबर लगते ही चेयरमैन सतेंद्र त्यागी ने कर्मचारियों से गोबर को साफ कराकर मामले को तूल पकड़ने से बचा लिया। थाना प्रभारी विंध्याचल तिवारी ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर प्रतिमा को धुलवाया।
बाजार खुर्द मोहल्ले में चेयरमैन के आवास के सामने तिराहे पर मेजर आशाराम की प्रतिमा स्थापित है। शुक्रवार सुबह उनकी प्रतिमा पर गोबर फेंककर चेहरे को बदरंग कर दिया गया। चेयरमैन सतेंद्र कस्बे में किसी कार्यक्रम में व्यस्त थे। उन्होंने खबर लगते ही तत्परता दिखाते हुए अपने नौकरों से प्रतिमा पर लगे गोबर को हटवाना शुरू कर दिया। इसी दौरान यह खबर सोशल साइट्स पर फैल गई।
आनन फानन में थाना प्रभारी भी मामले में गंभीरता दिखाते पुलिस बल को लेकर मौके पर पहुंच गए। वहां दो कर्मचारी प्रतिमा को अधिकांश साफ कर चुके थे। इसके बाद पुलिस ने अपनी निगरानी में प्रतिमा के साथ पूरे स्थल की धुलाई कराई। एसओ ने कहा कि आसपास के लोगों से कहा कि इस तरह की करतूत करने वाले का पता लगाया जा रहा है।
माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उधर, चेयरमैन ने बताया कि वह अपने स्तर से मामले की छानबीन करा रहे है। वीर शहीद का अपमान करने वालों को अवश्य सबक सिखाया जाएगा। हालांकि कस्बे के लोगों को मालूम चलने से पहले से सफाई कराकर मामले को तूल देने से बचाया लिया गया। वहीं सोशल साइट्स पर त्यागी समाज ने फोटो शेयर कर प्रतिमा पर गोबर लगाने की करतूत की कड़े शब्दों में नाराजगी जताई।