संवाद न्यूज एजेंसी
भोपा। मोरना चीनी मिल के निकट सड़क किनारे खड़े सरकारी यूकेलिप्टस का पेड़ चोरी से काटा जा रहा था। कटकर गिरने के समय पेड़ की चपेट में आकर एक डाक्टर की कार क्षतिग्रस्त हो गई। डाक्टर व एक अन्य बाइक सवार युवक बाल बाल बच गए। पुलिस व वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है। पेड़ काटने वाले फरार हो गए।
शुक्रवार की शाम भोपा थाना क्षेत्र के यूसुफपुर व चीनी मिल के बीच मुख्य मार्ग पर कुछ लोग यूकेलिप्टस का सरकारी पेड़ ( वन विभाग का ) काट रहे थे। अचानक वह पेड़ मार्ग पर जा गिरा। इसी दौरान जौली में अपना निजी क्लीनिक चलाने वाले शुकतीर्थ निवासी डाक्टर सतीश सैनी कार में उधर जा पहुंचे और उनकी कार पेड़ की चपेट में आ गई। कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। चिकित्सक ने किसी तरह इस दौरान जान बचाई। एक बाइक सवार भी पेड़ की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया। पेड़ गिरने से मार्ग भी अवरुद्ध हो गया।
इसकी सूचना डॉ सतीश कुमार सैनी ने पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पेड़ को मार्ग से हटाकर यातायात चालू कराया। वहीं पेड़ काटने वाले लोग आरा, कुल्हाड़ी, रस्सा आदि छोड़कर फरार हो गये। सभी सामान पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना के बाद वन विभाग के कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए।
थाना प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार सैनी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। वन विभाग द्वारा तहरीर दिए जाने पर कार्यवाही की जाएगी।