मुजफ्फरनगर। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रदेश अध्यक्ष सुनील चित्तौड़ ने कहा कि संविधान लागू होने के 75 वर्ष बाद भी गरीब, मजदूर और वंचित वर्ग को उसका लाभ नहीं मिल पा रहा। सरकार सड़क और विकास के नाम पर पट्टे पर दी गई जमीन वापस ले रही है। जाति-धर्म के नाम पर वोट मांगी जा रही है। संवैधानिक अधिकार बचाने के लिए 26 नवंबर को जीआइसी मैदान में रैली का आयोजन किया जाएगा।
अलमासपुर क्षेत्र स्थित बैंक्वेट हॉल पर आसपा प्रदेश अध्यक्ष ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मौजूदा सरकारों में युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा। चंद लोग अधिकारियों के संपर्क में रहकर वंचित वर्ग के लिए चलाई गईं योजनाओं का लाभ पा रहे हैं। देश में 80 करोड़ लोगोंं को मुफ्त राशन दिया जा रहा है, जिससे साबित होता है कि आजादी के इतने वर्ष बाद भी देश की अधिकतर जनता गरीब और बेहाल है। ऐसे हालात बदलने की आवश्यकता है। इसके लिए सबसे पहले संविधान बचाना होगा। उन्होंने कहा कि रोटी, कपड़ा और मकान के लिए सरकार पर भरोसा न करें। रैली का आयोजन कर लोगों को जागरूक किया जाएगा। आजाद समाज पार्टी पश्चिमी प्रभारी और पूर्व विधायक नवाजिश आलम ने कहा कि सभी विधानसभा क्षेत्र के गांव-गांव से समर्थक जुटाने होंगे। जिलाध्यक्ष सुनील बावरा, जोगेंद्र सिंह, डीपी सिंह, गौरव तेजान, रजब अली, कमल गौतम, दीपक राणा, जगदीश पाल मौजूद रहे।