देवबंद (सहारनपुर)। इस्लामिक शिक्षण संस्था दारुल उलूम के कार्यवाहक मोहतमिम कारी मोहम्मद उस्मान मंसूरपुरी ने हजरत मोहम्मद साहब की शान में गुस्ताखी करने वाले शिव शक्ति धाम डासना के महंत स्वामी नरसिंहानंद सरस्वती के खिलाफ सरकार से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने रोष जताते हुए कहा कि महंत के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तुरंत गिरफ्तारी की जाए।
सोमवार को जारी बयान में कारी मोहम्मद उस्मान मंसूरपुरी ने कहा कि नरसिंहानंद सरस्वती ने कुछ दिन पूर्व ही हजरत मोहम्मद साहब की शान में गुस्ताखी की थी। इससे मुसलमानों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई थीं, लेकिन आज तक महंत को गिरफ्तार नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि देश का संविधान किसी की भी धार्मिक भावनाओं को आहत करने की इजाजत नहीं देता है, इसलिए ऐसे शांति और भाईचारे के दुश्मनों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होना बेहद जरूरी है। कारी उस्मान ने केंद्र व राज्य सरकार से देश का माहौल खराब करने का प्रयास करने वाले तथा धार्मिक भावनाएं आहत करने वाले तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की। इसके साथ ही कार्यवाहक मोहतमिम ने मुसलमानों से सब्र से काम लेने और कोई भी ऐसा कदम न उठाने की अपील की, जिससे देश की शांति भंग हों और बाद में उन्हें परेशानी उठानी पड़ी। बल्कि जरूरत इस बात की है कि ऐसे लोगों के खिलाफ खामोशी के साथ कानूनी कार्रवाई कराएं।