लबकरी गांव में चारागाह की भूमि पर अवैध निर्माण को ध्वस्त करता बुलडोजर
- फोटो : DEVBAND
देवबंद। सरकारी संपत्ति को कब्जामुक्त कराने के लिए चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत मंगलवार को एसडीएम के आदेश पर राजस्व विभाग की टीम ने पुलिस बल के साथ लबकरी गांव में पशुओं के चारागाह और तालाब की भूमि को कब्जामुक्त करा दिया।
तहसीलदार तपन कुमार मिश्रा के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम बाबा का बुलडोजर लेकर लबकरी गांव में पहुंची। यहां खसरा नंबर 336 रकबई 0.113 (चारागाह) हेक्टेयर सरकारी भूमि पर नरेश पुत्र कश्मीरा ने अवैध रूप से कब्जा कर उस पर चहारदीवारी का निर्माण कर लिया था। जिसे ग्राम प्रधान की मौजूदगी में बुलडोजर से ध्वस्त करा दिया। इसके बाद खसरा नंबर 69 रकबई 0.052 को ट्रैक्टर चलवाकर कब्जामुक्त कराया गया। उक्त भूमि तालाब की है। जिस पर ग्रामीण कलीराम पुत्र रायमल ने अवैध कब्जा कर रखा था। कलीराम ने इस भूमि पर गन्ने की फसल बो रखी थी। अधिकारियों इसकी पैमाइश कराकर इसे कब्जामुक्त करा दिया। एसडीएम दीपक कुमार ने बताया कि जहां कहीं भी सरकारी संपत्ति अथवा तालाब पर अवैध कब्जे की शिकायत मिल रही है फौरन वहां टीम भेजकर उसे कब्जामुक्त कराया जा रहा है। उन्होंने चेताया यदि कब्जामुक्त की गई सरकारी भूमि पर दोबारा से कब्जा किया गया तो जांच कराकर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।