- साहनेवाल से खुर्जा तक सफल ट्रायल के बाद अधिकारियों की टीम प्रफुल्लित
(फोटो)
संवाद न्यूज एजेंसी
खतौली/चरथावल (मुजफ्फरनगर)। डेडिकेटेड रेल फ्रेट काॅरिडोर पर साहनेवाल से खुर्जा तक 425 किमी दूरी में मालगाड़ी का सफल ट्रायल हुआ। न्यू खतौली स्टेशन पर डीएफसीसी एवं कार्यदायी कंपनी की टीम खुशी से झूम उठी। उच्च स्तरीय टीम की फाइनल जांच के बाद नियमित मालगाड़ियों का परिचालन होगा। पहली नवंबर से भार सहित मालगाड़ियों को दौड़ाना प्रस्तावित है। डीएफसीसी के अधिकारियों की टीम ने मालगाड़ी को रुकवाकर स्वागत किया। बुधवार को पहली बार मालगाड़ी की औसत रफ्तार 60 किमी प्रति घंटा रिकाॅर्ड की गई।
पूरी क्षमता के साथ मालगाड़ी सुबह साहनेवाल से चलकर शाम के समय न्यू खतौली स्टेशन पहुंची। इससे पूर्व जिले में न्यू रोहाना, न्यू मुजफ्फरनगर एवं न्यू मंसूरपुर में मालगाड़ी को स्टाफ से झंडी दिखाई। मुगलसराय से लुधियाना साहनेवाल तक का दूसरे चरण में सरकार की महत्वाकांक्षी परियोजना का कार्य पूरा हो गया। खुर्जा तक मालगाड़ी पूरी रफ्तार के साथ ट्रैक पर फर्राटा भरती दिखी। सफल ट्रायल पर मुख्य परियोजना प्रबंधक पवन कुमार के साथ एसीपीएम कुलदीप कुमार, एलएंडटी के अनुराग कपिल ने पूरी टीम मौजूद रहीं। न्यू खतौली स्टेशन पर मालगाड़ी को रोक कर चालक दल का भव्य स्वागत किया।
राजधानी ट्रेन की तरह कॉरिडोर पर दौड़ेगी मालगाड़ी
डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पर मालगाड़ियां पूरी रफ्तार से दौड़ेंगी। 100 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से मालगाड़ियों को दौड़ाने के लिए ट्रैक तैयार किया गया है। इस ट्रैक पर माल ढुलाई में गंतव्य तक मालगाड़ियों की औसत रफ्तार 60-65 किमी निकलेगी। माल पहुंचने में एक चौथाई वक्त लगेगा। भारतीय रेल लाइन पर मालगाड़ियों का बोझ कम होने से यात्री रेल समय से गंतव्य तक पहुंचेंगी।
ग्रामीण इलाकों में मालगाड़ी देखने की रही उत्सुकता
न्यू रोहाना स्टेशन और पीनना में बने न्यू मुजफ्फरनगर स्टेशनों के आसपास पहली बार पूरी मालगाड़ी देखने की लोगों में उत्सुकता रही। आखलौर, जटनगलां, पीनना, लकड़संधा और दधेडू खुर्द आदि के लोग क्षेत्र में पटरी पर पहली बार मालगाड़ी दौड़ती देख गद्गद हो गए। हैबतपुर प्रधान प्रिंस सिंघल, दधेडू खुर्द प्रधान हुसैन, लकड़संधा प्रधान राहुल कश्यप कहते है आजादी के बाद क्षेत्र में मालगाड़ी दौड़ने से विकास के नए आयाम स्थापित होंगे।
रेलवे बोर्ड से मंजूरी के बाद दौड़ेंगी मालगाड़ी
सीपीएम पवन कुमार ने बताया कि नियमित मालगाड़ियों का परिचालन रेलवे बोर्ड से मंजूरी के बाद शुरू हो जाएगा। ट्रैक की उच्च स्तरीय जांच पूरी होने में 10 दिन का समय लगेगा। ट्रैक पर पहली नवंबर से नियमित परिचालन शुरू कराना प्रस्तावित है। माल ढुलाई के लिए पीएम गति शक्ति कार्बाे टर्मिनल योजना में फिलहाल न्यू मुजफ्फनगर, न्यू गुलावठी एवं कैंट में न्यू मेरठ प्रस्तावित है। जल्द यहां माल के उतारने और चढ़ाने की प्रक्रिया शुरू होगी। ट्रैक पर मालगाड़ी की रफ्तार काफी तेज रहेगी। पंजाब सहित कई प्रदेशों में पावर हाउसों में कोयला आदि की आपूर्ति एवं फलों आदि की ढुलाई तेजी से होगी।