नगर के रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की इंतजार करते यात्री ।संवाद
- खराब मौसम के चलते तीन ट्रेनें विलंब से चलीं, यात्री रहे परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। मथुरा व निजामुदीन के बीच रेलवे ट्रेक पर कार्य चलने के कारण रविवार को पूरे दिन ट्रेनों का संचालन गड़बड़ाया रहा। गोल्डन टैंपल एक्सप्रेस ट्रेन डायवर्ट तथा ऋषिकेश व छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस ट्रेन रद्द रहीं। नौचंदी सहित दो ट्रेन अपने निर्धारित समय से लेट पहुंची जबकि उत्कल एक्सप्रेस ट्रेन रविवार को नहीं आई। यह ट्रेन सोमवार सुबह पहुंचेगी। जिस कारण यात्री परेशान रहे।
सर्दी के मौसम में कोहरा अधिक होने व मथुरा व निजामुदीन के बीच रेलवे ट्रेक पर कार्य चलने के कारण ट्रेनों का संचालन गड़बड़ाया हुआ है। यह स्थिति पिछले कई दिन से बनी हुई है। मुंबई से अमृतसर जाने वाली गोल्डन टैंपल एक्सप्रेस ट्रेन एक सप्ताह से अपने मुख्य मार्ग पर नहीं आ रही है। यह ट्रेन दूसरे मार्ग से वाया अंबाला होकर अमृतसर जा रही है। रविवार को लक्ष्मीबाई नगर से ऋषिकेश जाने वाली ऋषिकेश एक्सप्रेस व कोरवा से अमृतसर जाने वाली छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस ट्रेन रद्द रहीं।
प्रयागराज से सहारनपुर जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस दो घंटा, पुरी से ऋषिकेश जाने वाली उत्कल एक्सप्रेस को शाम पौने चार बजे आना था लेकिन पंद्रह घंटे लेट चलने के कारण यह ट्रेन सोमवार सुबह पहुंचेगी। आदर्श काॅलोनी निवासी नितिन कुमार ने बताया कि उन्हें सुबह के समय उत्कल ट्रेन से दिल्ली जाना था, लेकिन ट्रेन लेट रहने के कारण परेशानी हुई और उन्हें बस का सहारा लेना पड़ा। ऋषिकेश से पुरी जाने वाली उत्कल एक्सप्रेस भी छह घंटे लेट रही। रेलवे स्टेशन अधीक्षक पवन कुमार ने कहा कि मथुरा क्षेत्र में रेलवे ट्रेक पर काम चलने के कारण ट्रेन लेट पहुंची है।