ककरौली। क्षेत्र के खुजेड़ा गांव निवासी सात वर्षीय बालिका मिष्टी की मीरापुर के सम्भलहेड़ा-वलीपुरा लिंक मार्ग पर हुए सड़क हादसे में मंगलवार शाम मौत हो गई थी। बुधवार को गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार किया गया। थाना ककरौली क्षेत्र के खुजेड़ा गांव निवासी विकास मंगलवार को अपनी पत्नी निकिता, बेटे आयांश व सात वर्षीय बेटी मिष्टी को बाइक से लेकर मीरापुर जा रहा था। मीरापुर थानाक्षेत्र के सम्भलहेड़ा-वलीपुरा लिंक मार्ग पर सामने से वलीपुरा गांव निवासी भूरा बाइक से आ रहा था। यहां दोनों बाइकों की टक्कर हो गई थी। दुर्घटना में सड़क पर गिरकर सभी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। राहगीरों ने एम्बुलेंस से घायलों को मीरापुर के निजी चिकित्सालय में भिजवाया था, जहां मिष्टी को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया था। मिष्टी कक्षा दो की छात्रा थी। बालिका की मौत से परिजनों व गांव में शोक है। संवाद