मुजफ्फरनगर/जानसठ। गांव कवाल निवासी युवती को उसके विवाहित प्रेमी ने घर से अगवा करने के बाद गर्दन काटकर हत्या कर दी। उसका शव बोरे में भरकर सिखेड़ा गंगनहर में फेंक दिया। पुलिस गिरफ्त में आने के बाद आरोपी द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर गंगनहर में शव की तलाश की जा रही है।
जानसठ थाना क्षेत्र के गांव कवाल निवासी नफीस पेड़ काटने का काम करता है। इस काम में गांव काटका निवासी शादीशुदा तहमूद उसका साझीदार था, जिसका नफीस के घर भी लगातार आनाजाना था। इसी दौरान तहमूद का नफीस की बेटी तबस्सुम से प्रेम-प्रसंग हो गया। करीब छह साल से दोनों के संबंध चल रहे थे, जिसकी जानकारी होने के बाद नफीस ने अपने घर पर उसका आनाजाना बंद कर दिया था। इस संबंध में कई बार दोनों पक्षों के बीच बैठकें भी हो चुकी हैं।
नफीस ने 24 मई को जानसठ कोतवाली के साथ ही आईजी मेरठ रेेंज और एसएसपी को पत्र भेजकर बताया कि उसकी बेटी को तहमूद 23 मई की देर रात अपने दो साथियों के साथ घर में घुसकर अपहरण कर ले गया है। मामले में थाना पुलिस ने 26 मई को तहमूद के खिलाफ युवती के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर ली। इंस्पेक्टर डीके त्यागी ने बताया कि शुक्रवार सुबह आरोपी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया, जिसने चौंका देने वाला खुलासा किया। बताया कि वह तबस्सुम को उसके घर से लेकर अपने घर ले गया था, जहां पत्नी व अन्य परिजनों ने उसे घर में रखने का विरोध किया।
इसे लेकर घर में हुए विवाद के बाद आरोपी ने तबस्सुम की उसी रात गर्दन काटकर हत्या कर दी और शव को एक बोरे में भरकर ले जाकर सिखेड़ा गंगनहर में फेंक दिया। पीएसी के गोताखोरों को बुलाकर गंगनहर में युवती के शव की तलाश कराई जा रही है। वहीं, आरोपी द्वारा पुलिस को बरगलाने की आशंका के चलते अन्य बिंदुओं पर भी मामले की जांच करते हुए युवती की तलाश की जा रही है। युवती का शव मिलने के बाद ही मामले में स्पष्ट तौर पर कुछ कहा जा सकेगा।