खतौली में भाकियू के युवा कार्यकर्ताओं ने ट्रामा सेंटर को शुरू कराने की मांग को लेकर हंगामा किया। सेंटर के अंदर भैंसा बांध दिया और चिकित्सा प्रभारी एवं डॉक्टरों को अपने साथ धरने पर बैठा लिया। मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में 15 दिन में ट्रामा सेंटर शुरू करने की चेतावनी दी है।
भाकियू के युवा नगराध्यक्ष आकाश मलिक के नेतृत्व में कार्यकर्ता शनिवार को एकत्र होकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और ट्रामा सेंटर शुरू करने की मांग को लेकर हंगामा किया। कार्यकर्ताओं ने ताला खुलवाकर सेंटर के अंदर ही भैंसा बांध दिया और धरना देकर बैठ गए।
मौके पर पहुंचे चिकित्सा प्रभारी डा. राजीव निगम और अन्य डॉक्टरों को भी धरने पर बैठा लिया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि ट्रामा सेंटर तैयार है, लेकि अभी तक शुरू नहीं किया गया है। गंभीर बीमारियों का इलाज नहीं होने से मरीज अकाल मौत का शिकार बन जाते हैं।
गांव भैंसी निवासी संगीत की पत्नी सोनम का समय पर इलाज नहीं होने से उसकी मौत हो गई थी जबकि उसका नवजात शिशु ने भी दम तोड़ दिया। कार्यकर्ताओं ने ट्रामा सेंटर चालू कराने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन चिकित्सा प्रभारी को सौंपा।
भाकियू जिलाध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिन में ट्रामा सेंटर नहीं शुरू कराया गया तो इसे पशुशाला बना दिया जाएगा। धरने में आकाश मलिक, आशुतोष, उज्ज्वल, राहुल आर्य, गुड्डू, विकास त्यागी, सुमित, मनीष, राहुल बालियान, नितिन, सुनील, कविंद्र, राजेंद्र, जुगल, बोबी, मोनू आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।