शाहपुर। बालियान खाप के मुखिया और भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि खाप समाज को रास्ता दिखाने का कार्य करती है। समाज अपनी जिम्मेदारी को समझे और बुराइयों के उन्मूलन के लिए जागरूकता लाए। बरवाला गांव में सर्व जातीय बालियान खाप पंचायत में चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि समाज गलत प्रवृत्ति के लोगों का साथ नहीं दें। संगठित होकर उसका विरोध करें, तभी समाज में अच्छाई की जीत होगी। खाप चौधरी समाज को रास्ता दिखाने का कार्य करते हैं।
सभी की जिम्मेदारी है कि समाज सुधार के लिए कार्य करें। किसान संगठित होकर अपनी शक्ति को पहचाने, तभी उनकी किस्मत बदलेगी। उन्होंने कहा कि भ्रूण हत्या समाज के लिए कलंक है। समाज के लोग आगे आकर इस कलंक को मिटाएं। उन्होंने विवाह शादी और मृत्यु भोज में हो रही फिजूलखर्ची पर भी अंकुश लगाने की बात कही । सर्व खाप के मंत्री चौधरी सुभाष बालियान ने कहा कि हमें पर्यावरण और जल को बचाना होगा।
बतीसा खाप के चौधरी सूरजमल ने कहा कि हमें अपने बच्चों को संस्कारवान बनाना होगा। बच्चों को अपने बड़ों का सम्मान करना चाहिए, वही बड़े भी बच्चों की समस्याएं सुनकर उनका निदान करें। लाटियान खाप के चौधरी धीरज लाटियान ने कहा कि विवाह समारोह में जो कार्ड छपवाए जाते हैं, उनमें धन की फिजूलखर्ची होती है, इसलिए सभी मोबाइल का प्रयोग कर अपने सगे संबंधियों और मित्रों को निमंत्रण दे। चौगामा खाप के चौधरी सुखबीर सिंह राणा ने अपने बच्चों कोे प्राइमरी स्कूलों में पढ़ाने की
बात कही। गांव में प्राइवेट स्कूल में पढ़ाने से समाज के लोगों का धन बचेगा।
अहलावत खाप के चौधरी गजेंद्र सिंह अहलावत ने समाज में फैली बुराइयों को दूर करने का आहवान किया । देशवाल खाप के चौधरी शरणवीर सिंह ने कहा कि एकता में ही बल है, इसलिए हमें एकजुट होकर समाज में किसान हित के कार्य करने चाहिए। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि जिस गांव का सैनिक शहीद हो उस गांव को शहीद गांव घोषित किया जाए और उस गांव का संपूर्ण विकास हो। अशोक बालियान, मोहन शर्मा प्रधान, राजीव बालियान सिसौली, विकास बालियान, विजय शास्त्री, मांगेराम, देवराज पहलवान आदि रहे। अध्यक्षता ठाकुर जगत सिंह गोटका और संचालन धर्मेंद्र ने किया।