फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स

गैस वेल्डिंग की टंकी फटी, दूर तक बिखरे टंकी के लोहे के टुकड़े

Mon, 02 Jul 2018 12:23 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला/मुजफ्फरनगर
गैस वेल्डिंग टैंक फटने से घायल हुआ युवक। - फोटो : अमर उजाला
शहर के रुड़की रोड पर गैस वेल्डिंग की टंकी फटने से हड़कंप मच गया। विस्फोट से टंकी के लोहे के टुकड़ों ने दूर तक उड़ते हुए दो लोगों को चपेट में लेकर लहूलुहान कर दिया। दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से एक को गंभीर हालत में मेरठ के लिए रैफर कर दिया गया है। 


शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला लद्दावाला निवासी अनीस की रुड़की रोड पर गैस वेल्डिंग की दुकान है। उसके पास ही जनकपुरी निवासी सतीश पुत्र सुखपाल की भी कार पेंटिंग शॉप है। रविवार दोपहर के समय अनीस अपनी दुकान पर वेल्डिंग कर रहा था। इसी दौरान उसकी दुकान के बाहर रखी गैस वेल्डिंग की टंकी अचानक तेज धमाके के साथ फट गई।

गैस वेल्डिंग की टंकी फटते ही मौके पर कोहराम मच गया। जबरदस्त विस्फोट से टंकी फटने के बाद उसके लोहे के टुकड़े तेज रफ्तार से हवा में उड़ते हुए काफी दूर तक गए, जिनकी चपेट में आने से अपनी दुकान पर बैठे पेंटर सतीश के साथ ही पास ही स्थित हैंडपंप पर पानी पीने आया मल्हूपुरा निवासी आमिर पुत्र इरशाद गंभीर रूप से घायल हो गए।


दोनों घायलों को आसपास के लोग तत्काल जिला अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार देने के बाद गंभीर रूप से घायल सतीश को मेरठ के लिए रैफर कर दिया गया। हादसे की सूचना पर शहर कोतवाली पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की।  

जबरदस्त धमाका व धूल का गुबार देख सहमे लोग 
मुजफ्फरनगर। शहर के रुड़की रोड पर गैस वेल्डिंग की टंकी में हुए जबरदस्त विस्फोट व उससे उड़े धूल के गुबार को देख क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आसपास मौजूद लोग डरकर वहां से भाग निकले, जो बाद में लौटे तो दो लोगों को लहूलुहान हालत में पड़े तड़पते देखा, जिसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।

दरअसल, करीब एक सप्ताह पूर्व ही सरवट में कबाड़ी की दुकान में जबरदस्त विस्फोट हुआ था, जिसमें चार लोग मारे गए थे। उक्त घटना की यादें अब तक शहर के लोगों के जेहन में ताजा हैं। ऐसे में रविवार दोपहर अनीस वेल्डर की दुकान में गैस वेल्डिंग की टंकी फटने से आसपास के लोग अनहोनी की आशंका से सहम उठे। कुछ देर बाद जब उन्हें माजरा समझ आया, उसके बाद ही लोगों ने राहत की सांस ली। 

गैस वेल्डिंग की टंकी करती है बम धमाके का काम      
लोहे के पाइप व खोखली लोहे की वस्तुओं पर वेल्डिंग करने के काम में आने वाली वेल्डिंग मशीन यदि किसी कारणवश फट जाए, तो बड़े बम धमाके का काम करती है। दरअसल, गैस वेल्डिंग मशीन में गैस बनाने के लिए कारवेट व पानी के मिश्रण को मशीन के गैस चैंबर में बंद कर दिया जाता है,

जिससे निकलने वाली गैस को इकट्ठा कर उससे वेल्डिंग के काम में इस्तेमाल लाया जाता है। रसायनिक क्रिया के चलते उक्त मशीन में इकट्ठा होने वाली गैस जब मशीन की कैपेसिटी से कहीं अधिक पहुंच जाती है, तभी वेल्डिंग मशीन एक धमाके के साथ फट जाती है, जिसके चलते मशीन का गैस इकट्ठी करने वाला लोहे का हिस्सा तेज धमाके के साथ फट जाता है, जो एक तरह से बम धमाके की ही तरह काम करता है। 

पहले भी कोहराम मचा चुकी हैं टंकी 
मुजफ्फरनगर। गैस वेल्डिंग की यह टंकी इससे पहले भी कई बार धमाके के साथ फटकर कोहराम मचा चुकी है। कुछ समय पूर्व ही कच्ची सड़क पर सरवट क्षेत्र में ही उक्त गैस वेल्डिंग की टंकी फट गई थी, जिसकी चपेट में आकर कई लोग घायल भी हुए थे। इससे पहले खतौली क्षेत्र में भी गैस वैल्डिंग की यह टंकी फटकर हड़कंप मचा चुकी है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें