पुरकाजी में हाईवे पर थाने के निकट एक दुकान पर गैस रिफिलिंग करते समय अचानक आग लग गई। दुकान में रखा सामान जलकर राख हो गया। दुकान स्वामी भी झुलस गया। आग का विकराल रूप देखकर आसपास के दुकानदारों में भगदड़ मच गई। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग से गुरुद्वारे की इमारत में भी दरारें पड़ गईं।
कसबे में गुरुद्वारा की दुकान में अन्नू पुत्र कोमजीत की गैस एवं अन्य सामान की दुकान है। मंगलवार शाम करीब छह बजे गैस रिफिलिंग करते समय दुकान में अचानक आग लग गई, जिसे उसने बुझाने का प्रयास किया लेकिन आग ने विकराल रूप ले लिया। आसपास के दुकानदारों में भगदड़ मच गई। दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर भाग निकले। निकट ही पंजाबी कालोनी के लोगों ने डर की वजह से अपने घरों में रखे घरेलू गैस सिलेंडर अपने घरों से निकाल कर बाहर खाली पड़ी जगह में रख दिए।
आग लगने की खबर मिलते ही मौके पर सैकड़ों लोग जमा हो गए और आग बुझाने का प्रयास किया। आग धीरे-धीरे बढ़ती गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और भीड़ को तितर-बितर कर लोगों की मदद से आग बुझाने में लग गई और घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। करीब एक घंटे की भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दुकान में रखा लाखों का सामान जलकर राख हो गया। आग से गुरुद्वारे इमारत की दीवार में भी दरारें पड़ गईं।