योगी जी! चीनी मिल नहीं कर रही 15 दिन पर गन्ने का भुगतान
देवबंद। नागल स्थित बजाज शुगर मिल की ओर से बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान नहीं किए जाने से किसानों में गुस्से का माहौल है। रविवार को विभिन्न किसान संगठन के नेताओं ने मुख्यमंत्री और गन्ना मंत्री को पत्र लिखकर बकाया गन्ना भुगतान कराने की मांग की है।
भारतीय किसान संघ के प्रदेश संयोजक श्यामवीर त्यागी, पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगत सिंह वर्मा और किसान नेता रणवीर सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और गन्ना मंत्री सुरेश राणा को पत्र लिखा। इसके जरिए बताया गया कि बजाज शुगर मिल पर जहां विगत वर्ष का आधे सत्र का गन्ना भुगतान बकाया है। वहीं, इस वर्ष भी मिल की ओर से चार माह से भुगतान नहीं किया गया है। जबकि सुप्रीम कोर्ट ने चीनी मिलों को 14 दिन के अंतराल पर गन्ने का भुगतान कराने के आदेश दिए हुए हैं। ऐसे में बजाज शुगर मिल सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की अवहेलना कर रही है। किसानों ने कहा कि जब सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर गन्ना अवशेष जलाने के आरोप में किसानों पर केस दर्ज किए जा रहे हैं तो चीनी मिलों पर भुगतान नहीं करने पर कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है। जबकि भुगतान नहीं होने से किसान बच्चों की स्कूल फीस, बैंक कर्ज, और बिजली आदि का बिल नहीं जमा कर पा रहे हैं। किसानों ने सरकार से चीनी मिल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।