अनंत चतुर्दशी पर भक्तों ने गंगा में डुबकी लगाई
मोरना। शुकतीर्थ में ढोल नगाड़ों के बीच श्रद्धालुओं ने मंगल गीत गाते हुए भगवान गणेश की प्रतिमाओं को गंगा में विसर्जित किया। वहीं, अनंत चतुर्दशी पर भक्तों ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर सूर्य भगवान को जल अर्पित कर पुण्य कमाया। इस मौके पर नगर के मंदिरों में भगवान का दर्शन कर श्रद्धालुओं ने संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया।
महाभारत कालीन भागवत उद्गमस्थल के रूप मे विश्वविख्यात शुकतीर्थ गंगा घाट पर मंगलवार सुबह से दूरदराज से आए श्रद्धालुओं को आना जाना लगा रहा। पावन पर्व पर श्रद्धालुओं ने गुलाल उड़ाते हुए ढोल नगाड़ों के बीच जमकर नृत्य करते हुए भगवान गणेश की प्रतिमा की परिजनों के साथ पूजा अर्चना करते हुए मां गंगा की बीच धारा में विसर्जन करते नजर आए। गंगा घाट मंदिर पुजारी दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि इस दिन श्रद्धालु वस्त्र, मिठाई, फल, दूध, अन्न आदि का दान कर भगवान गणेश जी की प्रतिमा पर फूल अर्पण करते हुए पूजा कर धर्म लाभ कमाते हैं। ग्यारह दिनों तक भगवान घर में विराजे रहते हैं और इसके बाद इनका विधिविधान पूर्वक विसर्जन किया जाता है। इस मौके पर नगर के शुकदेव आश्रम, दंडी आश्रम, हनुमानधाम, गणेशधाम, दुर्गाधाम, शिवधाम, शनिधाम, पीतांबराधाम, महाशक्ति सिद्धपीठ धाम आश्रम, तिलक धारीधाम आदि सहित अन्य मंदिरों में श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना की।