नहीं हुआ गंगा स्नान, दिन भर छाया रहा सन्नाटा
भोपा (मुजफ्फरनगर)। शुकतीर्थ में प्राचीन समय से लगते आ रहे ज्येष्ठ गंगा दशहरा मेले के दूसरे दिन श्रद्धालु गंगा स्नान नहीं कर सके। रात्रि में पुलिस ने शुकतीर्थ की सीमाओं को सील कर वहां पहुंचे श्रद्धालुओं को रात में ही लौटा दिया। जिला पंचायत ने मेला के आयोजन को पहले ही स्थगित कर दिया था। वहीं, तीर्थनगरी के संतों ने भी श्रद्धालुओं से घरों में रहकर अनुष्ठान करने की अपील की थी।
लॉकडाउन के चलते सोमवार को ज्येष्ठ गंगा दशहरे पर शुकतीर्थ में सन्नाटा छाया रहा। चारों तरफ पुलिस ही नजर आई। रविवार की रात भक्त शुकतीर्थ पहुंच गए थे। रात्रि में ही पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं को वापस कर दिया। सोमवार सुबह को भी श्रद्धालुओं का आना जारी था, लेकिन चारों ओर बेरिकेडिंग के साथ ही पुलिस के तैनात होने के कारण सभी लौट गए। उसके बाद भी श्रद्धालु चोरी-छिपे शुकतीर्थ के निकटवर्ती गांव के जंगल के रास्ते से होते हुए गंगा नदी तक पहुंचे और गंगा घाट से दूरी बनाते हुए कम समय में अपने अनुष्ठान को पूरा किया। साधु-संतों की अपील का भी काफी प्रभाव पड़ा, जिससे ज्यादा संख्या में श्रद्धालु नहीं आ पाए। श्रद्धालुओं को वापस भेजने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। एसपी देहात नेपाल सिंह, सीओ भोपा राम मोहन शर्मा, थाना प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार, पीएसी सहित आसपास के थानों का पुलिस बल तैनात रहा। गंगा सेवा समिति एवं जिला पंचायत मुजफ्फरनगर के अधिकारी भी मौजूद रहे। शुकतीर्थ के शुकदेव आश्रम, दंडी आश्रम, हनुमत धाम, शिव धाम, गणेश धाम, दुर्गा धाम, पार्वती प्राचीन मंदिर आदि सहित समस्त आश्रम धर्मशाला वह धामों के कपाट पूर्ण रूप से बंद रहे। शुकतीर्थ का बाजार की पूर्ण रूप से बंद करा दिया गया था।
गंगा घाट पर फैली गंदगी
भोपा। रविवार को शुकतीर्थ में अचानक काफी संख्या में पहुंच गए श्रद्धालुओं ने आनन-फानन में स्नान किया। साथ ही अपने अनुष्ठान भी पूरे किए। इसी बीच शुकतीर्थ में चारों ओर गंदगी फैल गई, जिसे उच्च अधिकारियों के आदेश पर ब्लॉक के अधिकांश सफाई कर्मचारियों को लगाया गया, जिसके बाद गंगा घाट व शुकतीर्थ में सफाई कार्य हो सका।
भोपा गंग नहर पर किया अनुष्ठान
भोपा। शुकतीर्थ में प्रशासन की सख्ती को देखते हुए श्रद्धालुओं ने भोपा गंग नहर पर रुक कर वहीं अपने अनुष्ठान आदि पूरे किए। पुलिस-प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं को भोपा में ही रोक दिया जा रहा था, जिससे सैकड़ों की भीड़ भोपा गंग नहर पर हो गई थी। पुलिस को यहां भी व्यवस्था बनाने के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ी।