पुरकाजी में दो दिनों से कस्बे की विद्युत आपूर्ति बंद रखने से आक्रोशित लोगों ने बिजलीघर पर प्रदर्शन कर जेई का घेराव किया। गुस्साए उपभोक्ताओं ने आपूर्ति में सुधार नहीं होने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी।
रमजान माह में भरपूर विद्युत आपूर्ति देने के मुख्यमंत्री ने आदेश किए थे। इसके बावजूद कस्बे की आपूर्ति में गत तीन दिनों से रात 12 बजे से सुबह छह बजे तक कटौती की जा रही है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। कटौती से आक्रोशित लोग सोमवार दोपहर बिजलीघर पहुंचे और वहां मौजूद ट्रांसमिशन के जेई बृजभूषण का घेराव कर किया।
उपभोक्ताओं ने उन्हें जमकर खरी-खोटी सुनाई और चेतावनी दी कि यदि जल्द ही आपूर्ति में सुधार नहीं हुआ तो बिजलीघर पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान मोहम्मद सुलेमान, नौशाद फरीदी, उस्मान, जावेद कासमी, सादा फरीदी, जावेद मिया, शराफत अहमद, इसरार, पप्पू आदि मौजूद रहे।
उधर, ग्राम खाइखेड़ी का ट्रांसफार्मर एक सप्ताह से फुंका होने पर ग्रामीण भाकियू ब्लाक अध्यक्ष धीरज त्यागी के नेतृत्व में बिजलीघर पहुंचे। उन्होंने जेई राज नारायण यादव का घेराव कर ट्रांसफार्मर बदलवाने की मांग की। इस दौरान बिट्टू राठी, रजत त्यागी, मनोज कुमार, संदीप, मुकेश, रमेश, राजू, पप्पू आदि मौजूद रहे।