संवाद न्यूज एजेंसी
पुरकाजी। नगर पंचायत चुनाव का परिणाम आने के बाद कस्बा सियासी जंग का अखाड़ा बन गया है। क्षेत्रीय रालोद विधायक और नवनिर्वाचित चेयरमैन जहीर फारूखी के बीच बयानबाजी खूब वायरल हो रही है। सोशल मीडिया पर दोनों के समर्थक एक-दूसरे पर टिप्पणी भी कर रहे हैं। निर्दलीय चुनाव जीते जहीर फारूखी भाकियू में सक्रिय रहे हैं। नए कार्यकाल में बोर्ड बैठक से पहले ही विपक्ष ने उनकी घेराबंद भी शुरू कर दी है।
विधायक बोले, फर्जी वोटों के जरिए चुनाव जीते जहीर
पुरकाजी सुरक्षित सीट से रालोद विधायक अनिल कुमार का कहना है कि पुरकाजी चेयरमैन ने कस्बे में हजारों वोट फर्जी बनवा रखी हैं। इनके सहारे वह चुनाव जीत गए। पुरकाजी में ऐसे वोटर हैं, जो अपने गांव में ग्राम प्रधान का चुनाव लड़ चुके हैं। उनके पूरे परिवार की वोट पुरकाजी में बनी हुई है। इसके अलावा भी कुछ लोगों की वोट दो जगह बनी हुई है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी।
सारे आरोप निराधार, मुझे जनता ने चुना
नवनिर्वाचित चेयरमैन जहीर फारूखी का कहना है कि मुझे चुनाव लड़ने के लिए किसी राजनीतिक दर्ल की जरूरत नहीं पड़ी है। विधायक हमेशा राजनीतिक पार्टी से ही चुनाव लड़े हैं। मुझे दूसरी बार जनता का प्यार मिला है, फर्जी वोटों का आरोप निराधार और बेतुका है।
सभासदों को किया जा रहा एकजुट
पुरकाजी। नए बोर्ड की बैठक से पहले ही कस्बे में विपक्ष सक्रिय हो गया है। रालोद के छह सभासदों के अलावा कांग्रेस के तीन सभासदों को एकजुट कर चेयरमैन को घेरने की तैयारी शुरू कर दी गई है। कस्बे में कुल 15 वार्ड है।
यह भी जान लीजिए
नवनिर्वाचित चेयरमैन जहीर फारूखी को 3976 वोट मिले हैं। दूसरे स्थान पर रहे रालोद प्रत्याशी बसारत खां को 3189, जबकि तीसरे स्थान रहे भारत भूषण खुल्लर को 2992 वोट मिले।