-पिटवाने वाली छात्रा अब कॉलेज में नहीं कर सकेगी पढ़ाई
-प्रकरण की वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में पुलिस
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। भोपा रोड स्थित एसडी डिग्री काॅलेज में बीए चतुर्थ सेमेस्टर की छात्रा ने अपने परिचित बाहरी छात्र को बुलाकर सहपाठी की पिटाई करा दी। वीडियो वायरल हुई तो पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। कॉलेज ने पिटाई कराने वाली छात्रा का नाम काट दिया है।
बाकरनगर गांव की पीड़ित छात्रा की चतुर्थ समेस्टर की परीक्षा चल रही है। पुलिस को बताया कि कहासुनी हो जाने के कारण नया गांव निवासी सहपाठी छात्रा ने उसे देख लेने की धमकी दी थी। इसके बाद 15 मई को वह सहपाठी छात्रा की कॉल रिसीव नहीं कर सकी। कुछ देर बाद ही बाकरनगर निवासी श्रीराम कॉलेज के छात्र अमरजीत ने उसे प्रकरण में कॉल कर धमकी दी। इसी दौरान आरोपी सहपाठी भी आई और उसे बात करने के बहाने ऑडिटोरियम के पीछे ले गई। यहां पर अमरजीत ने पीड़िता के साथ गली-गलौज और मारपीट की। प्रकरण का वीडियो शनिवार को वायरल हो गया। पीड़िता की तहरीर पर नई मंडी कोतवाली में पुलिस ने आरोपी छात्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। सीओ नई मंडी रुपाली राय ने बताया कि आरोपी युवक को गिरफ्तार कर चालान कर दिया है।
-
इनसेट
आरोपी के खिलाफ धारा बढ़ाने की मांग
मुजफ्फरनगर। शनिवार को पीड़िता कईं अन्य छात्रों के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंची, उसने बताया कि सभी छात्रों ने कॉलेज में प्राचार्य से कार्रवाई करने की मांग की। इसके बाद एसपी देहात से मिलकर कहा कि दर्ज रिपोर्ट में धाराओं को बढ़ाया जाए। आरोपी युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इस दौरान छात्र नेता पवन कुमार, आकाश, उधम, विशु मौजूद रहे।
परीक्षा के बाद कॉलेज में पढ़ाई नहीं
एसडी कॉलेज के प्राचार्य सुधीर पुंडीर ने बताया कि छात्रा की पिटाई कराने वाली छात्रा का नाम कॉलेज से काट दिया गया है। अब वह केवल परीक्षा ही दे सकती है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को भी पत्र भेजा है।