पूर्व भाजपा विधायक ने कहा कि विरोध राजनीति से प्रेरित
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। पूर्व विधायक संगीत सोम ने कहा कि अग्निपथ बहुत अच्छी योजना है। सरकार युवाओं के लिए अच्छा काम कर रही है। जो नहीं समझ रहे वह युवा नहीं है। विरोध राजनीति से प्रेरित है। मीडिया रिपोर्ट के माध्यम से हमने देखा कि चौथी पास और दिव्यांग तक विरोध कर रहे हैं, ऐसे लोगों को अग्निपथ में कहां जाना है।
उन्होंने कहा कि आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर के यूएनओ जाने के बयान पर कहा कि तौकीर को मस्जिद में नमाज पढ़ने का समय नहीं है। यही लोग हैं, जो अग्निपथ के विरोध के पीछे हैं। यही लोग किसान यूनियन के पीछे थे और यही वह लोग हैं जो विरोध करते हैं। देश विश्वगुरु बनने की तरफ है। बुलडोजर की कार्रवाई को सही ठहराते हुए कह कि गुंडो के घर पर बुलडोजर नहीं चलेगा तो क्या चलेगा।
युवाओं को भड़का रहे विपक्ष और राजनीतिक किसान संगठन : राजू अहलावत
जानसठ। भाजपा नेता राजू अहलावत ने कहा कि अग्निपथ पर विपक्षी राजनीतिक दल और कुछ किसान संगठन युवाओं को भड़काने का कार्य कर रहे हैं। योजना युवाओं के हित में है। सरकार को बदनाम करने की साजिश रची जा रही है। विपक्ष युवाओं का भविष्य बर्बाद करने पर तुला हुआ है। यूवा विपक्ष के बहकावे न आए और भर्ती की तैयारी करें। किसी के साथ भी भाजपा सरकार में नाइंसाफी नहीं हो सकती है। उन्होंने बूथ सशक्तिकरण मिशन को आगे बढ़ाते हुए फुलत और खेड़ी नावला में सभाएं की। भाजपा पार्टी की लाभकारी योजनाओं को विस्तार से बताया। इस मौके पर मनोज कुमार, सचिन, सुमित, गोविंद, सिद्धार्थ, अनुज, प्रवीण, संदेश, प्रेमपाल, विकास आदि मौजूद रहे। संवाद