फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हादसों में बच्चे समेत चार की मौत, कैंटर ने श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली में मारी टक्कर

Sun, 16 Jun 2019 12:40 AM IST
Deepak Kausik अमर उजाला ब्यूरो/ मुजफ्फरनगर
विज्ञापन
सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त हुआ ट्रैक्टर। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
दिल्ली-दून हाईवे पर दिल्ली-पौड़ी राजमार्ग पर शनिवार सुबह हुए अलग-अलग तीन हादसों में सात साल के बालक समेत चार की मौत हो गई, जबकि सात लोग भी घायल हुए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मंसूरपुर थाना क्षेत्र के गांव नावला व पुरबालियान निवासी ग्रामीण शुक्रवार को गंगा दशहरा पर गंगास्नान करने शुकतीर्थ गए थे। गंगास्नान के बाद शनिवार तड़के सभी लोग नावला लौट रहे थे। तड़के करीब पांच बजे जैसे ही उनकी ट्रैक्टर-ट्रॉली दिल्ली-दून नेशनल हाईवे पर नावला कट पर पहुंची, सामने से आते तेज रफ्तार कैंटर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी।
विज्ञापन


जिससे श्रद्धालु ट्रॉली से बाहर सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल सभी घायलों को बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां शाहपुर क्षेत्र के गांव चांदपुर निवासी अमित (23) पुत्र शिवकुमार और गांव नावला निवासी उर्मिला (35) पत्नी होराम को मृत घोषित कर दिया गया। हादसे में राधिका, अंकित, खुशी, बबली, अरुण, जसवंत व अर्जुन निवासीगण गांव नावला और ऋतु, वंशिका, राजा व सरजू निवासीगण पुरबालियान गंभीर रूप से घायल हुए। हादसे के बाद आरोपी चालक कैंटर को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।

कैंटर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। उर्मिला के पति होराम द्वारा अज्ञात चालक के खिलाफ हादसे की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इसके अलावा मंसूरपुर थाना क्षेत्र में दिल्ली-दून नेशनल हाईवे पर धौलापुल के निकट शनिवार सुबह करीब छह बजे जीप और बोलेरो की भिड़ंत में फुरकान (38) पुत्र इरफान निवासी मदीना कॉलोनी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल फुरकान जीप में अनार लेकर मेरठ जा रहा था। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने घायल फुरकान को ले जाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे में फुरकान के बेटे फरान ने अज्ञात गाड़ी चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विज्ञापन


रामराज में बालक को रोडवेज बस ने कुचला
मीरापुर। रामराज थाना क्षेत्र के गांव पुट्ठी निवासी जुल्फिकार का मकान दिल्ली-पौड़ी राजमार्ग पर है। शनिवार सुबह जुल्फिकार का आठ साल का बेटा अयान घर के बाहर खड़ा हुआ था। उसी दौरान मेरठ की ओर से आती तेज रफ्तार मेरठ डिपो की रोडवेज बस ने सामने से आते किसी वाहन को बचाने के प्रयास में रांग साइड जाते हुए सड़क किनारे खड़े मासूम अयान को चपेट में लेकर कुचल दिया। हादसे में अयान की मौके पर ही मौत हो गई, जिसके बाद आरोपी चालक बस लेकर फरार हो गया।

हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने राजमार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर रामराज, मीरापुर, जानसठ व ककरौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत करते हुए जाम खुलवाया। करीब आधे घंटे तक जाम लगा रहा जिससे यात्री परेशान रहे। उधर, हादसे के बाद रोडवेज बस लेकर फरार हुए चालक गांव कुतुबपुर निवासी गय्यूर अली ने मीरापुर थाने पहुंचकर खुद को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने बस में सवार सभी यात्रियों को किसी अन्य वाहन से गंतव्य पर भेजने के साथ ही बच्चे का शव भी मोर्चरी भेज दिया। पीड़िता पिता जुल्फिकार ने आरोपी बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।

सड़क हादसे में युवक की मौत, तीन घायल
बुढ़ाना। सड़क हादसे में स्कूटी सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि महिला सहित उसके दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को मेरठ रेफर किया गया है। तहसील क्षेत्र के गांव शिकारपुर का रहने वाला आसमौहम्मद उर्फ आशू (24) अपने भाभी नाजमा पत्नि कामिल उसकी बेटी नूरजहां (03) व बेटा आरजू (08) को स्कूटी पर लेकर कांधला से गांव वापस आ रहा था। शनिवार शाम करीब चार बजे बुढ़ाना-कांधला रोड पर जोगियाखेड़ा गांव के पास सामने से आई गाड़ी ने स्कूटी की टक्कर मार दी।

हादसे में आसमौहम्मद की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना फुगाना पुलिस मौके पर पहुंची। सूचना मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए। सभी घायलों को कस्बे की सीएचसी पर भर्ती करवाया गया। गंभीर हालत में नाजमा उसकी बेटी नूरजहां और बेटे आरजू को मेरठ रेफर कर दिया गया। घटना के बाद चालक गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। घटना से मृृतक के परिवार में कोहराम मचा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें