ट्रक से टकराने के बाद क्षतिग्रस्त हुआ ट्रैक्टर और ट्रॉली।
- फोटो : अमर उजाला
मेरठ-करनाल हाईवे पर बृृृृहस्पतिवार रात हुए सड़क हादसे में चार भाइयों की मौत हो गईं, जबकि इनके गांव के ही गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। मरने वालों में तीन सगे भाई और एक इनका तहेरा भाई था। ये मेरठ के गांव पिठलोकर में पराली बेचकर दो ट्रैक्टर ट्रालियों से लौट रहे थे। इस दौरान ओवरटेक कर रहे ट्रक की टक्कर लगने के बाद ये ट्रैक्टर ट्रालियों से उछलकर सड़क पर गिर गए और पीछे से आ रहे वाहनों ने इन्हें कुचल दिया।
हादसा बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े 12 बजे मेरठ करनाल हाईवे पर गांव खेड़ा मस्तान के पास हुआ। हादसे में इसरार (28) पुत्र नूर मोहम्मद निवाली गांव छतेला, थाना तितावी, उसके भाई सरफराज (26) और मेहराज (24) व इनके ताऊ के लड़के शाहरुख (20) पुत्र घसीटा की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल इनके गांव के ही उम्मेद अली (58) को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ये सभी ट्रैक्टर ट्राली से धान की पराली ढोने और बेचने का कार्य करते थे।
बृहस्पतिवार को ये दो ट्रैक्टर ट्रालियों से पराली लेकर मेरठ जनपद के गांव पिठलोकर गए थे और हादसे के वक्त अपने गांव लौट रहे थे। गांव खेड़ामस्तान के गेट के पास पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने ओवरटेक करने के दौरान आगे पीछे चल रही ट्रैक्टर ट्राली में टक्कर मार दी। पिछली ट्रैक्टर ट्राली अगली ट्रैक्टर ट्राली से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ट्रैक्टर ट्राली टूट गई और पांचों युवक सड़क पर जा गिरे।
सड़क पर गिरे युवकों को पीछे से आने वाले वाहनों ने कुचल दिया। उम्मेद सड़क किनारे कच्चे में गिरने के कारण वाहनों की चपेट में आने से बच गया। हादसे के बाद ट्रक भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गन्ने के खेत में गिरकर धंस गया और चालक फरार हो गया। घटना की रिपोर्ट मृतक इसरार की मौसी के लड़के जाहिद निवासी भैसानी (मेरठ) ने थाना फुगाना में दर्ज कराई है।