मुजफ्फरनगर। भाजपा के पूर्व विधायक विक्रम सैनी ने भी मीरापुर विधानसभा सीट पर ताल ठोंकनी शुरू कर दी है। उनका कहना है कि अगर भाजपा ने सैनी समाज के उम्मीदवार को टिकट दिया तो मेरा बेटा प्रभात सैनी भी दावेदार है।
खतौली विधानसभा सीट से दो बार विधायक रह चुके विक्रम सैनी को सजा हो जाने के कारण विधानसभा सदस्यता चली गई थी। इसके बाद उपचुनाव में खतौली से भाजपा ने उनकी पत्नी को चुनाव लड़ाया, लेकिन हार मिली।
मीरापुर विधानसभा क्षेत्र के गांव कवाल के रहने वाले पूर्व विधायक ने अब अपने बेटे को चुनाव लड़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। हालांकि भाजपा-रालोद गठबंधन में सीट के बंटवारे का अंतिम फैसला नहीं हुआ है लेकिन पूर्व विधायक ने कहा कि वह अपने बेटे के लिए टिकट मांग रहे हैं।
जिलाध्यक्ष पर फिर निशाना, बोले पूर्व विधायकों का सम्मान नहीं
पूर्व विधायक विक्रम सैनी ने कहा कि जिला संगठन में पूर्व विधायक उमेश मलिक, पूर्व विधायक प्रमोद उटवाल और खुद उनका सम्मान नहीं हो रहा है। किसी भी कार्यक्रम में पूर्व विधायकों को नहीं बुलाया जाता है। लखनऊ से कॉल आने के बाद वह पहुंचते हैं, लेकिन वर्तमान जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी की तरफ से पूर्व विधायकों को सूचना तक नहीं दी जाती। पूर्व विधायक ने कहा कि पूर्व मंत्री डॉ. संजीव बालियान की हार की वजह भी जिलाध्यक्ष है। संगठन में मतभेद है। अभी तक मीरापुर चुनाव के लिए भी उतनी एकजुटता नजर नहीं आ रही है।