खतौली। दिल्ली-देहरादून हाईवे पर भैंसी कट के निकट कार की टक्कर लगने से महिला मजदूर निर्जेश उर्फ ममता (45) की मौत हो गई। महिला एक ढाबे पर कार्य कर अपने घर जाने के लिए सड़क पर वाहन की प्रतीक्षा कर रही थी।
मंसूरपुर निवासी महिला निर्जेश उर्फ ममता (45) नेशनल हाईवे बाइपास पर एक ढाबे पर मजदूरी करती थी। ढाबे पर रात में अपना कार्य समाप्त कर वह मंसूरपुर जाने के लिए सुबह करीब आठ बजे बस के प्रतीक्षा में सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान मेरठ की ओर से आ रहे कार चालक ने महिला को टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद परिजन भी अस्पताल पहुंच गए थे। महिला की मौत से परिजनों में शोक व्याप्त है। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। कार को कब्जे में लिया गया है।
परिजनों के आरोप लगाने पर बिफरे ससुराली
छपार। शव को पोस्टमार्टम के बाद छपार लाया गया तो मृतका के परिजनों ने 112 को फोन करके बताया कि उनकी बेटी को ससुराल वालों ने हादसा दिखाकर मार दिया है। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो महिला के ससुराल वाले भड़क गए और शव को लेकर थाने की ओर चल दिए। पुलिस ने बामुश्किल उन्हें रोककर श्मशान घाट भेजा और शव का दाह संस्कार कराया। महिला के पति विनोद की लगभग 11 वर्ष पूर्व सड़क हादसे में मौत हो गई थी। उसकी पत्नी तब से ही अपने मायके में मंसूरपुर में रह रही थी। उसके पांच बच्चे छपार में बाबा के पास रहते थे।