चरथावल का उदीयमान फुटबाल खिलाड़ी अक्षुण्ण त्यागी और इंजीनियर पिता प्रवीण
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
चरथावल। राष्ट्रीय स्तर पर फुटबॉल के उभरते खिलाड़ी अक्षुण्ण त्यागी को पापा के मार्गदर्शन से मैदान पर नया जोश और ऊर्जा मिलती है। कस्बे के मोहल्ला महाब्रह्मनान निवासी सॉफ्टवेयर इंजीनियर प्रवीण त्यागी और सुरेखा का बेटा फुटबाल खिलाड़ी अक्षुण्ण कॅरियर में खेल की दुनिया में उच्च मुकाम की और अग्रसर है। हाल में उसने अंडर-18 फुटबाल में पूरे भारत में आयोजित आई-लीग में उड़ीसा की तरफ से इस वर्ष सबसे ज्यादा 20 गोल करने का रिकॉर्ड बनाया है। वर्ष 2018 में कोलकाता मैदान पर मोहन बागान की तरफ से अंडर 17 में मैदान पर दमखम दिखाया। बीसी रॉय ट्रॉफी में अंडर-17 में यूपी की तरफ से खेलते हुए सर्वाधिक गोल करते हुए नेशनल चैंपियन टीम में शामिल रहा। इससे पूर्व जर्मन में होने वाली आठ देशों की एफसी ब्रयान अंडर- 15 फुटबाल टूर्नामेंट में भारतीय टीम की तरफ से 10 खिलाड़ियों में वह भी खेल चुका है। पापा बंगलुरू में मल्टीनेशनल कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे। लेकिन बेटे की कामयाबी के लिए उन्होंने कंपनी से ब्रेक किया है। अक्षुण्ण बताता है कि पापा की बदौलत ही उसे फुटबॉल खेल में रुचि बढ़ी है। ज्यादातर इंडिया में हर फाइनल मैच में पापा उनका हौसला बढ़ाते हैं। पापा की प्रेरणा और सीख से वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फुटबॉल मैदान में अवश्य नजर आएगा। उदीयमान बेटे की कामयाबी पर पापा की ढेरों उम्मीदें टिकी है।