विक्रम त्यागी अपहरण कांड में संदिग्धों की फुटेज जारी
मुजफ्फरनगर। गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन निवासी इंजीनियर विक्रम त्यागी के अपहरण कांड में एसटीएफ ने मंगलवार को दो संदिग्ध युवकों की सीसीटीवी फुटेज जारी की है। 26 जून की रात अपहृत विक्रम त्यागी की खून से सनी इनोवा कार अगले दिन तितावी क्षेत्र से बरामद की गई थी। उसी रात यह कार खतौली में भी हाईवे पर देखी गई थी।
गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन निवासी इंजीनियर विक्रम त्यागी पुत्र प्रदीप त्यागी 26 जून की रात 8.30 बजे के बाद ऑफिस से घर लौटते समय घर के पास से ही संदिग्ध हालात में लापता हो गए थे। 27 जून को उनकी इनोवा कार तितावी क्षेत्र में बरामद हुई थी, जिसकी सीटों पर काफी खून फैला हुआ था। पुलिस ने खून सनी कार बरामद होने के बाद अगले दो दिन तक तितावी क्षेत्र के नालों को जेसीबी से खंगालने के साथ ही जंगलों में भी कांबिंग की थी, लेकिन विक्रम त्यागी का सुराग नहीं लगा। बाद में विक्रम त्यागी अपहरण कांड की जांच एसटीएफ को सौंप दी गई थी। एसटीएफ के डीएसपी विनोद सिरोही ने मंगलवार को इस मामले में एक पेट्रोल पंप से ली गई सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर जारी की है। उक्त फुटेज में दो युवक कैद हैं, जिनमें से एक दाहिने पैर से लंगड़ाकर चल रहा था। डीएसपी के अनुसार, तितावी क्षेत्र में खड़ी की गई विक्रम त्यागी की इनोवा कार 26 जून की देर रात खतौली हाईवे पर देखी गई थी, जिसमें उक्त दोनों संदिग्ध युवक सवार थे। उस समय भी कार में सीटों पर खून फैला हुआ था। डीएसपी ने आशंका जताई है कि उक्त इनोवा कार गाजियाबाद से इंजीनियर का अपहरण कर ले जाने के बाद रात 9.30 बजे से 12.30 बजे तक गाजियाबाद के मुरादनगर या सरधना क्षेत्र में रही थी। इसके बाद गाड़ी खतौली हाईवे से लाकर तितावी क्षेत्र में खड़ी की गई। डीएसपी एसटीएफ ने सोशल मीडिया के जरिये लोगों से उक्त दोनों संदिग्धों की पहचान बताने की अपील की है।