जिले में पांच नए कोरोना पॉजिटिव मिले
मुजफ्फरनगर। बीते कई दिनों से जिले में कोरोना पॉजिटिव मामले मिलने का सिलसिला जारी है। बुधवार को भी पांच नए संक्रमित मिले हैं। इनमें तीन शहर के तथा दो मामले चरथावल क्षेत्र के गांवों के हैं। अब जनपद में एक्टिव केस की संख्या 84 हो गई है जबकि कुल मामले 199 पर पहुंच गए हैं।
एडीएम वित्त आलोक कुमार ने बताया कि बुधवार को 73 जांच रिपोर्ट प्राप्त हुईं। इनमें चार लोगों को कोरोना की पुष्टि हुई है। नगर के खालापार निवासी एक व्यक्ति की प्राइवेट लैब पर कराई गई जांच रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। इसके अलावा शहर के अंबा विहार और आबूपुरा के दो अन्य लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। चरथावल के गांव कुल्हेड़ी और छिमाऊ के हैं। इन चारों ने लक्षण नजर आने पर अस्पताल में खुद पहुंचकर अपनी जांच कराई थी। सभी कोरोना पॉजिटिव को मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज बेगराजपुर में भर्ती कराया गया है। जिले में अब तक 115 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं जबकि 84 केस एक्टिव हैं। अब तक नौ लोगों की कोरोना से जान जा चुकी है।
छिमाऊ और कुल्हेड़ी गांव में दो की रिपोर्ट आई पॉजिटिव
चरथावल। छिमाऊ और कुल्हेड़ी गांव में महिला समेत दो की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने से हड़कंप मच गया। कोरोना का रुख गांवों की तरफ होने से क्षेत्र में दहशत है। सीएचसी प्रभारी डा. सतीश कुमार ने बताया कि 15 जून को दोनों मरीज बुखार की दवा लेने चरथावल केंद्र पर आए थे। उनकी थर्मल स्कैनिंग के बाद संदिग्ध मिलने पर 13 लोगों के सैंपल लेकर जांच को भिजवाए थे। उनमें से बुधवार को दो की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। देर शाम सीएचसी प्रभारी टीम के साथ पीड़ित युवक को बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज कोरोना वार्ड भिजवाने के लिए कुल्हेड़ी पहुंच गए। वहीं, बिरालसी प्रभारी संदीप कुमार और सीएचसी के डा. हिमांशु और डा. यासिर टीम को लेकर छिमाऊ जांच को पहुंचे हैं। यहां से पीड़ित महिला को कोविड अस्पताल भेजा गया। पता लगने पर दोनों गांवों में खौफ फैल गया। केंद्र प्रभारी ने बताया कि पूरे गांवों में सैनिटाइज कराने के लिए ग्राम पंचायत को पत्र लिखा जाएगा। संक्रमितों के परिवार के सदस्यों को होम क्वारंटीन किया जाएगा। ग्रामीणों ने बताया कि छिमाऊ से पीड़ित महिला की शादी शामली क्षेत्र में हुई थी। फिलहाल वह अपने पिता के पास रहती है और कुछ दिन पहले खतौली क्षेत्र मेकं बीमार बहन के पास गई थी। वहां से बीमार बहन को लेकर मेरठ निजी हॉस्पिटल में कई दिन रही है। स्वास्थ्य विभाग केस हिस्ट्री खंगाल रहा है।