चरस बेचने वाले गिरोह के पांच सदस्य दबोचे
बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने चरस बेचने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से भारी मात्रा में चरस और कुछ नकदी बरामद की। प्रेस वार्ता में सीओ बुढ़ाना विजय प्रकाश सिंह ने चरस बेचने वाले गिरोह का खुलासा किया।
सीओ ने बताया कि वाहन चेकिंग के दौरान भौरा कलां पुलिस ने दो बाइकों पर सवार छह व्यक्तियों को रुकने का इशारा किया। इस पर बाइक सवार शिकारपुर रास्ते की ओर भागने लगे। पुलिस द्वारा उनका पीछा करने पर उन्हें भौंराखुर्द तिराहे के पास पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। एक आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने गिरफ्तार किए आरोपियों से तलाशी के दौरान उनके कब्जे से करीब पांच किलो चरस व कुछ नकदी बरामद की। पकड़े गए व्यक्तियों ने फरार साथी का नाम राजू बताया। सीओ ने प्रेसवार्ता में बताया कि पकड़े गए आरोपियों में रवि कुमार पुत्र रमेशचंद, निवासी नोजली माजरा थानाभवन जनपद शामली, विपिन पुत्र हरवीर निवासी भडेना थाना बाबरी, अरविंद पुत्र अतर सिंह निवासी सिसौली थाना भौराकलां, कपिल पुत्र अशोक व ऋषिपाल पुत्र जगवीर निवासी सिसौली थाना भौराकलां के रहने वाले हैं। इनके कब्जे से दो बाइक और चार मोबाइल फोन भी मिले हैं। पुलिस ने पांचों आरोपियों को जेल भेज दिया है।