रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करते यात्री फोटो संवाद
मुजफ्फरनगर। शनिवार को समर स्पेशल सहित लंबी दूरी वाली पांच ट्रेन लेट पहुंचीं, जिस कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई यात्री अन्य वाहनों से अपनी मंजिल के लिए रवाना हो गए।
यशवंतपुर जंक्शन से ऋषिकेश जाने वाली योग नगरी समर स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन पांच घंटा, इंदौर जंक्शन से अमृतसर जाने वाली इंदौर एक्सप्रेस 52 मिनट, ओडिशा के पुरी शहर से वाया मुजफ्फरनगर होकर ऋषिकेश जाने वाली कलिंगा उत्कल एक्सप्रेस डेढ़ घंटा, मुंबई से अमृतसर जाने वाली गोल्डन एक्सप्रेस ट्रेन पौने दो घंटा, जालंधर से दिल्ली जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन तीन घंटा लेट पहुंची। यशवंतपुर जंक्शन से वाया मुजफ्फरनगर होकर सुबह के समय ऋषिकेश जाने वाली योग नगरी समर स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन से टपरी जाने के लिए जूता व्यापारी अमजद रेलवे रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। उन्हें वहां पता चला कि ट्रेन पांच घंटा लेट चल रही है। उन्होंने बताया कि उन्हें सहारनपुर से ट्रेन में पंजाब जाना था लेकिन ट्रेन लेट रहने के कारण उन्हें रोडवेज से जाना पड़ रहा है। उधर, रेलवे स्टेशन प्रभारी पवन कुमार ने ट्रेनों के लेट चलने के कारण के बारे में जानकारी होने से इन्कार किया है।