छपार। हाइवे पर कांवड़ यात्रा के समय कांवड़ियों ने कांवड़ खंडित करने का आरोप लगाते हुए एक कार में तोड़फोड़ कर चालक की जमकर पिटाई की थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। वीडियो के आधार पर जांच कर पुलिस ने पांच कांवड़ियों को गिरफ्तार कर लिया।
कांवड़ यात्रा के दौरान 21 जुलाई की रात में लगभग सवा नौ बजे लगभग डेढ़ दर्जन कांवड़िये गांव सिसौना के निकट एक ढाबे पर रुके हुए थे। उन्होंने पीछे चल रहे एक साथी कांवड़ियां की कांवड़ खंडित होने का आरोप लगाते हुए हाइवे जाम कर दिया था। कुछ देर बाद हरिद्वार की ओर से आई एक कार को रोककर उसमें तोड़फोड़ कर चालक देहरादून निवासी आकिब की जमकर पिटाई की थी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल चालक को जिला चिकित्सालय में भर्ती करा कर मामला शांत किया था। पुलिस ने वीडियो के आधार पर जांच कर 10-15 अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया था। मंगलवार को पुलिस ने वीडियो के आधार पर पांच आरोपियों तुषार व करण सिंह निवासी संगम बिहार थाना संगम बिहार साउथ दिल्ली, अंशु निवासी जेजे क्लस्टर मदनपुर खादर थाना कालिंदी कुंज साउथ दिल्ली व तरुण, वरुण निवासी मोहल्ला किशनपुरा थाना टीपी नगर मेरठ को हाइवे के रेई कट बढेडी बस स्टाप से गिरफ्तार कर लिया। सभी को कोर्ट में पेश किया गया है। थाना पुलिस ने बताया कि पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बाकी आरोपी भी जल्द ही गिरफ्तार किए जाएंगे।