योग प्रशिक्षक ने नई मंडी कोतवाली में पत्नी और उसके माता-पिता पर दर्ज कराया मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। योग प्रशिक्षक ने फिटनेस ट्रेनर पत्नी और उसके माता पिता पर धर्म परिवर्तन करने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने नई मंडी कोतवाली में अदालत के आदेश पर मुकदमा दर्ज कराया है।
नई मंडी निवासी ऋतुराज शुक्ला ने दर्ज कराए मुकदमे में बताया कि वह दिल्ली में योग प्रशिक्षक है। एक बार मुलाकात होने पर फिटनेस ट्रेनर लिडिया जॉन ने उनसे कहा कि वह योग सीखना और हिंदू धर्म अपनाना चाहती हैं। इसके बाद वह और लिडिया मिलकर काम करने लगे। आरोप हैं कि तृतीय तल मालवीय नगर निवासी लिडिया जान ने अपने पिता इंद्रपुरी पश्चिम दिल्ली निवासी डेमियन जान और माता लाली जान के साथ साजिश रचकर उन्हें प्रेम जाल में फंसा लिया। शादी करने की बात कही और कहा कि इसके बाद हिंदू रितिरिवाज के अनुसार भी शादी करेगी और हिंदू ही रहेगी।
ऋतुराज के मुताबिक शादी करने के बाद लिडिया को वह नई मंडी स्थित घर ले आए। उनके परिवार में दो बेटियों ने जन्म लिया। इसके बाद उन पर चर्च में चलकर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाने लगे, जिसे उन्होंने मना कर दिया। एक दिन बहाने से उनके दोनों बच्चों को लिडिया ने अपने पास दिल्ली बुला लिया। बच्चों का स्कूल जाना बंद करा दिया गया। उनसे मिलने नहीं दिया जा रहा है।
आरोपियों ने यह सब उनकी संपत्ति हड़पने को किया हैं। उन्हें धर्म परिवर्तन न करने पर मारने की धमकी दी जा रही हैं। आशंका है कि आरोपी लोग उनके बच्चों का धर्मांतरण करने का प्रयास कर सकते हैं। मंडी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी हैंं।