होली का फाग और जुमे की नमाज के दौरान प्रदेश में पुलिस-प्रशासन अलर्ट है। पिछले दिनों शांति समिति की बैठक में पुलिस-प्रशासन की ओर से दोनों समुदाय के लोगों से विशेष अनुरोध किया गया था। इसमें शहर के मिश्रित आबादी वाली मस्जिदों में जुमे की नमाज का समय दो बजे के बाद रखने की बात कही गई थी।
मिश्रित आबादी वाली मस्जिदों के इमाम और इंतजामिया कमेटियों ने सकारात्मक रुख अपनाया। इमाम संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मुफ़्ती जुल्फीकार ने बताया कि शांति समिति की बैठक में एडीएम प्रशासन और एसपी सिटी ने जुमे की नमाज होने को लेकर आपसी सहमति बनाकर जुमे की नमाज का समय परिवर्तित करने का एक प्रस्ताव रखा था।
इन 16 मस्जिदों में बदला गया जुमे की नमाज का समय
थाना सिविल लाइन क्षेत्र की मस्जिद शाह इस्लाम, शहर कोतवाली क्षेत्र की गुल्लर वाली गली, हौजवाली, मस्जिद सुनहरी, मस्जिद आबकारी, मस्जिद इमली वाली, थाना सिविल लाइन क्षेत्र में मस्जिद रेलवे स्टेशन, मस्जिद नौशाबाद सादात हास्टल, मस्जिद छप्पर वाली, ताकिया कोरेशाह, मस्जिद नूरावाली, मस्जिद शामली बस स्टैंड और मस्जिद हिदायत एवं मस्जिद नुमाइश कैंप रामपुरम गेट सहित 16 मस्जिदों में जुमे की नमाज का समय दो बजे के बाद रखा गया है।
इस तरह बदल गया नमाज का समय
शरीयत में नमाज के लिए एक वक्त मुकर्रर किया गया है। जुमे की नमाज में वक्त बदलने की गुंजाइश भी शरीयत में दी गई है। तीन बजे से असर की नमाज का वक्त शुरू हो जाता है, इससे पहले तक जुमे की नमाज अदा की जा सकती है। बताया कि मस्जिदों की इंतजामिया कमेटी और इमाम ने आपसी मशविरा कर समय में बदलाव किया।