पेपर मिल में लगी आग बुझाते कर्मचारी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर। नगर की भोपा रोड पर सिल्वर टोन पल्प एंड पेपर प्राइवेट लिमिटेड में मंगलवार दोपहर आग लग गई। आग लगने से मालिकों का कई ट्रक वेस्ट पेपर जल गया। दमकल टीम ने फैक्टरी मालिकों व आसपास फैक्टरी के वाटर टेंकरों की मदद से आग पर काबू पाया।
फैक्टरी मालिकों ने वेस्ट पेपर पीछे की और ढांग लगाकर रखा हुआ है। मंगलवार दोपहर में लगभग सवा बारह बजे फैक्टरी के इस वेस्ट पेपर में रहस्यमय हालातों में आग लग गई। आग लगी देखकर कर्मचारियों ने शोर मचाकर संचालकों को जानकारी दी। सूचना से फैक्टरी कर्मचारियों में अफरा तफरी मच गई। संचालकों ने कर्मचारियों की मदद से अपने यहां आग बुझाने के उपकरणों से आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए। पास में ही बिंदल फैक्टरी से भी पानी का टैंकर मंगाया गया। सूचना देने पर दमकल विभाग की टीम भी पानी के दो टैंकर लेकर मौके पर पहुंची। तब आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की गई। इस दौरान पानी के छोटे बड़े आठ टैंकरों से पानी डालकर लगभग दो घंटे में आग पर काबू पाया गया। दमकल विभाग अधिकारी नरेश मलिक ने बताया कि आग कैसे लगी? इस बारे में जानकारी नहीं है। मालिकों ने नुकसान के बारे में अभी तक लिखित में नहीं दिया है।
फोटो समाचार
आग बुझाने के बताए उपाए
अग्निशमन सुरक्षा सप्ताह के तहत पुलिस लाइन में दमकल विभाग टीम ने रिक्रूट आरक्षियों एवं पुलिसकर्मियों को आग से बचाव के बारे में जागरूक किया। अग्निशमन दस्ता की टीम ने गैस सिलेंडर में लगी आग को कपड़े से बुझाने की तकनीक का जीवंत उदाहरण पेश किया। इसके अलावा भी आग लगने के दौरान बरते जाने वाली सुरक्षा की भी जानकारी दी। इस दौरान मुख्य दमकल अधिकारी कुमार रमा शंकर तिवारी, दमकल अधिकारी नरेश मलिक, कर्मचारी अशोक कुमार, अंकुर आदि मौजूद रहे।