मोहल्ला दगड़ा में रेडीमेड कपड़े बनाने की फैक्ट्री में लगी आग के बाद जले कपड़े व अन्य सामान
- फोटो : DEVBAND
देवबंद। मोहल्ला पठानपुरा दगड़ा में रेडीमेड कपड़े बनाने की फैक्ट्री में आग लगने से लाखों रुपये का कपड़ा जलकर राख हो गया। लोगों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। दुकान मालिक ने शक जताया है कि किसी ने जान बूझकर आग लगाई है।
मोहल्ला पठानपुरा निवासी नदीम ने मोहल्ले में ही रेडीमेड कपड़े बनाने की फैक्टरी लगाई हुई है। मंगलवार की देर रात्रि फैक्टरी में आग लग गई। फैक्टरी से धुआं निकलने और कपड़े जलने की गंध से पड़ोस में रह रहे लोगों को आग लगने का पता लगा। मोहल्लावासियों ने नदीम को इसकी खबर देते हुए पानी और मिट्टी आदि डालकर काफी देर बाद आग पर काबू पाया। पीड़ित दुकान मालिक नदीम ने बताया कि उनकी फैक्टरी में आर्डर के जैकेट, शेरवानी, कुर्ता, कोट और पैंट आदि कपड़े तैयार किए जाते हैं। आग लगने की वजह से सिला व अधसिले लाखों रुपये की कीमत के कपड़े जलकर राख हो गए। नदीम ने संदेह जताया कि किसी ने जान बूझकर आग लगाई है। इस मामले में उसने पुलिस को तहरीर भी दी है, जबकि आस पड़ोस के लोगों का कहना है कि आग लगने का कारण शार्ट सर्किट लग रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।