खत्ता हटाने को लेकर मारपीट, मामा-भांजा घायल
देवबंद। गंगदासपुर जट्ट गांव में कुर्डी (खत्ता) हटाने को लेकर तीन लोगों ने मामा-भांजे को लाठी-डंडों से हमला कर घायल कर दिया। पीड़ित ने तहरीर दी हैै।
गंगदासपुर गांव निवासी जोगेंद्र कुमार ने कोतवाली में बताया कि घर से कुछ दूर पर उसके परिवार का कूड़ा आदि डालने के लिए कुर्डी बनाई हुई है। आरोप है कि शनिवार को वह काम से दूसरे गांव में गए थे। इसी बीच पड़ोस के तीन लोगों ने उनकी कुर्डी को वहां से हटा दिया। जब वह वापस लौटे तो उन्हें इसके बारे में पता चला। जब वह शिकायत लेकर आरोपियों के पास पहुंचे तो वह गाली गलौच करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने उस पर लाठी-डंडों व सरिए से हमला कर दिया। बीच बचाव करने आए पुरकाजी निवासी भांजे अमित कुमार को भी उक्त लोगों ने मारपीट कर घायल कर दिया। शोर मचाने पर आस पड़ोस के लोगों ने उन्हें बचाया और उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। जोगेंद्र ने पुलिस से आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। वहीं, पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरु कर दी गई है।